लखीमपुर में गढ़ी रोड पर बस जलाने का मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त में। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। सड़क हादसे में छात्र की मौत होने पर पथराव और बस में आगजनी मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला शांतीनगर निवासी अमन शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि अमन ही सीढ़ी लगाकर बस की छत पर चढ़ा था और आग लगाई थी। पुलिस ने अमन को जेल भेज दिया है।
लखीमपुर आई एक निजी बस 27 नवंबर की सुबह बरातियों को लेकर वापस लखनऊ जा रही थी। गढ़ी रोड पर बृजभवन के निकट बस से कुचलकर मोहल्ला शांतीनगर निवासी स्कूटी चला रहे छात्र 16 वर्षीय धीरू उर्फ तत्व सक्सेना की मौत हो गई थी। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने पथराव कर बस में आग लगा दी थी। अग्निशमन की गाड़ियों को भी मौके पर नहीं जाने दिया था। पुलिस ने निरीक्षक (अपराध) चंद्रभान यादव की ओर से 50 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि एसएसआई शिवप्रकाश पांडेय ने मुख्य आरोपी मोहल्ला शांतीनगर निवासी अमन शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि अमन सीढ़ी लगाकर बस पर चढ़ा था और आग लगाई थी। पुलिस इस मामले में चार दिसंबर को मोहल्ला गोकुलपुरी निवासी सभासद बृजेश पाल, सलमान, सरनापुरम निवासी आशुतोष कुमार और शांतीनगर निवासी राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।