गुलरिया। भीरा थाना क्षेत्र के गांव मूसेपुर में लखीमपुर-पलिया राजमार्ग के किनारे पानी भरे गड्ढे में करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिला है। अनुमान लगाया जा रहा है कि दो तीन दिन पहले अन्यत्र स्थान पर हत्या कर शव यहां डाला गया है।
बुधवार सुबह सड़क के किनारे अपना खेत देखने गए मूसेपुर निवासी शमीम ने एक शव गड्ढे में पड़ी देखी, तो उसने तुरंत ग्राम प्रधान मुनेंद्र मिश्रा को सूचना दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर भीरा थाना प्रभारी अजय राय मौके पर फोर्स लेकर पहुंचे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन कोई भी ग्रामीण अता पता नहीं बता सके। पुलिस के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना है, शव के सड़ जाने से दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों का कहना है कि जहां पर शव मिला है वह काफी व्यस्त जगह है। रात दिन वाहनों का आवागमन लगा रहता है और करीब डेढ़ सौ मीटर दूर पर पीके इंटर कॉलेज है, जहां पर सुबह से लेकर शाम तक चहल पहल रहती है। ऐसे में लावारिस लाश मिलने से लोगों द्वारा तरह तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
पहले भी मिली थी अज्ञात युवक की लटकी लाश
आठ माह पहले मालपुर पुलिस पिकेट से लगभग सौ मीटर दूर लखीमपुर-पलिया राजमार्ग के किनारे सिरसा के पेड़ से लटकी हुई लगभग 25 वर्ष के युवक का शव मिला था, उसकी भी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। भीरा पुलिस ने उसका भी पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था इतने व्यस्ततम रोड पर लावारिस लाशों का मिलना क्षेत्र की जनता में तरह-तरह के सवाल खड़े कर रहा है। जब लगातार इस रोड पर दिन रात पुलिस की गश्त होती रहती है और वीआईपी लोगों के निकलने से पुलिस का मूवमेंट ज्यादा रहता है।