मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के गांव अमरा में मंगलवार रात संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने दहेज में मोटर साइकिल की मांग पूरी न कर पाने पर ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या आदि कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मृतका के पिता ग्राम सेनपुर पोस्ट वीरमपुर थाना मितौली के यदुनाथ ने बताया कि उसने पुत्री रोशनी (20) की शादी करीब एक वर्ष पहले मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव अमरा निवासी राजकिशोर के पुत्र मुनेंद्र के साथ की थी। आरोप है कि बेटी के ससुराल वाले दहेज में बुलेट मोटर साइकिल भी मांग कर रहे थे। मांग पूरी न कर पाने पर पति, सास, ससुर और जेठ उसे आए दिन प्रताड़ित करते थे। 21 अप्रैल रात उसके दामाद मुनेंद्र ने मोबाइल पर रोशनी के मरने की सूचना दी। हम रात करीब दो बजे अमरा गांव पहुंचे तो देखा कि उसकी पुत्री की लाश घर के बरामदे में पड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या दहेज के लिए ही की गई है। पुलिस ने मृतका के पिता यदुनाथ की तहरीर पर पति मुनेंद्र, जेठ उपेंद्र, ससुुर राजकिशोर, सास मालती देवी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या आदि कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर संजय त्यागी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट दर्ज होते ही आरोपी ससुरालजन फरार हो गए। मामले की विवेचना सीओ प्रदीप यादव करेंगे।
प्रसव के बाद विवाहिता की मौत
धौरहरा के लालापुरवा गांव निवासी एक विवाहिता की प्रसव के बाद जिला अस्पताल में मौत हो गई। विवाहिता ने पहले सीएचसी में मृत बच्चे को जन्म दिया था। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने मौत को संदिग्ध मानते हुए पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना ईसानगर के तमोलिनपुरवा निवासी श्रीकृष्ण चौरसिया की पुत्री 19 वर्षीय पप्पी का विवाह धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के लालापुरवा गांव निवासी बबलू पुत्र जमुना चौरसिया के साथ एक वर्ष पूर्व हुआ था। सोमवार को पप्पी ने सीएचसी में एक मृत बच्चे को जन्म दिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। तो सीएचसी के डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया जहां उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना जब मृतका के ससुर ने पिता श्रीकृष्ण को दी तो उसने मौत पर शंका जाहिर करते हुए कोतवाली में तहरीर दी। कस्बा इंचार्ज अवधेश यादव ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि प्रसव के दौरान महिला की मौत होना बताया जा रहा है। मृतका के पिता ने मौत का कारण जानने के लिए तहरीर दी है।