सिकंद्राबाद। लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर थाना नीमगांव क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आकर बाइक पलट गई। हादसे में बाइक से गिरी एमए प्रथम वर्ष की छात्रा की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई, जबकि उसका भाई हेलमेट होने के कारण मामूली रूप से चोटिल हो गया। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को ग्रामीणों ने गांव सेहरुआ के पास रोक लिया लेकिन मौका पाकर चालक भाग निकला। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को किसी तरह से समझा बुझाकर शांत कराया।
कोतवाली मोहम्मदी के गांव दिलावरपुर निवासी आमिर (26) सोमवार की सुबह अपनी बहन नाजरीन (22) को दवा दिलाने लखीमपुर गया था। दवा लेकर दोनों बाइक से घर वापस लौट रहे थे। आमिर हेलमेट पहने हुए था। लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर थाना नीमगांव की सिकंद्राबाद पुलिस चौकी क्षेत्र में गांव रोशननगर के पास तेज रफ्तार आ रहे ट्रक की चपेट में बाइक आ गई। इससे अनियंत्रित बाइक पलट गई। बाइक पर पीछे बैठी नाजरीन सड़क की ओर गिर गई, जिससे उसकी ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। सूचना के आधे घंटे बाद पहुंचे चौकी सिकंद्राबाद ने जब शव उठाने की कोशिश की तो भीड़ ने परिवार वालों के न आने तक शव उठाने से मना कर दिया। इधर, गांव सेहरुआ के ग्रामीणों ने ट्रक को घेरकर रोक लिया लेकिन चालक मौका पाकर फरार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मौके पर पहुंची थाना नीमगांव पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत कराया।
छात्रा की मौत से घर में मचा कोहराम
सड़क हादसे में मारी गई नाजरीन एमए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। मृतका के भाई आमिर ने बताया कि नाजरीन दो बहनों में छोटी थी। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है। मां शब्बो बेगम सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रक पुलिस के कब्जे में है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
-राजकुमार प्रभारी निरीक्षक, थाना नीमगांव