गोला गोकर्णनाथ। केडिया फार्म निवासी रिटायर्ड दरोगा नसीमउल्ला खां के घर ताला तोड़कर घुसे चोरों ने नकदी जेवर समेत लाखों का माल पार कर दिया। नसीमउल्ला खान पत्नी के साथ अपनी गर्भवती पुत्री को लेकर लखीमपुर गए थे।
केडिया फार्म निवासी नसीमउल्ला खां अपनी पत्नी फरूख नाज के साथ अपनी गर्भवती पुत्री सबा खान की डिलीवरी कराने के लिए रात 11.45 बजे घर में ताला डाल कर कार से लखीमपुर गए थे। दूसरे दिन जब उनके छोटे भाई खुटार रोड निवासी सलीम अजमेरी लखीमपुर पहुंचे तो नसीम ने अपनी कार देकर उन्हें घर भेज दिया। सलीम अजमेरी जब केडिया फार्म स्थित मकान पर आए तो दरवाजा अंदर से बंद था अनहोनी की आशंका में किसी तरह दरवाजा खोल कर अंदर दाखिल हुए तो कमरे में रखी सेफ टूटी पड़ी थी और सामान बिखरा था। छत का जाल खुला था। परिवार वालों का मानना है कि चोर घटना को अंजाम देकर छत के रास्ते फरार हुए हैं। नसीमउल्ला खां ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि एक लाख 20 हजार नकदी, सोने की 11 चूड़ियां, दो हार, दो झुमकी, चार चेन, दो जोड़ी कुंडल 12 अंगूठी, चांदी के 10 सिक्के, चार जोड़ी पायल सहित लाखों का सामान बटोर ले गए हैं। कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर कार्रवाई शुरू कर दी है।