जंगबहादुरगंज। कोतवाली पसगवां क्षेत्र की युवती ने शादी का झांसा देकर एक युवक, उसके चचेरे भाई व एक अन्य युवक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एसपी के आदेश पर युवती की ओर से मकान मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र की युवती (28) ने बताया कि पड़ोसी गांव के पूर्व प्रधान के पुत्र ने शादी का झांसा देकर चार वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण किया। अगस्त 2019 को शिव मंदिर में मांग में सिंदूर भरकर पत्नी के रूप में स्वीकार किया और कोर्ट मैरिज करने के लिए उसे लखनऊ बुलाया लेकिन खुद नहीं पहुंचा। युवती ने आरोप लगाया कि एक गांव में युवक ने उसे किराए के मकान में रखा और दबाव बनाया कि यदि उसके साथ शादी करनी है तो उसके ताऊ के लड़के और दोस्त के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने पड़ेंगे लेकिन इसके बाद भी युवक ने शादी से इंकार कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। युवती ने बताया कि उसने सितंबर महीने में तीनों युवकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़िता ने एसपी से शिकायत की। तब जाकर एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मकान मालिक सहित चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इस मामले की जांच सीओ मोहम्मदी को सौंपी गई है।