संपूर्णानगर। भारत-नेपाल सीमा पर लगातार चाइनीज मटर व छुहारा की तस्करी जारी है। बृहस्पतिवार की रात बसही स्थित एसएसबी के जवानों ने चाइनीज मटर व छुहारा बरामद कर एक तस्कर को पकड़ा है। जबकि उसके दो साथी भाग गए। एसएसबी ने बरामद माल का सीजर बनाकर कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है।
भारत-नेपाल सीमा पर सीमावर्ती इलाकों के युवक नेपाल से बाइक व साइकिल से मटर व छुहारा लाकर भारत में आढ़तियों को बेंचते हैं। बसही एसएसबी प्रभारी निरीक्षक भेर जी सोडा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जवानों को बृहस्पतिवार की रात पिलर संख्या 199/769 के पास तीन युवक साइकिल व बाइक से आते दिखे। जिन्हें रोका गया तो सभी बाइक व साइकिल सहित माल छोड़कर भागने लगे। जवानों ने एक को पकड़ लिया है। जिसने अपना नाम नूर आलम निवासी रानीनगर बताया है। वहीं दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पकड़े गए तस्कर ने बताया कि वह यह माल संपूर्णानगर बेंचने जा रहा था। बरामद माल में 225 किलो चाइनीज मटर, 150 किलो छुहारा सहित बाइक व साइकिलों का कुल मिलाकर दो लाख 42 हजार पांच सौ रुपये का सीजर बनाकर पलिया कस्टम के सुपुर्द कर दिया है।