मोहम्मदी। कस्बे के मोहल्ला बाजारगंज स्थित सराफा मार्केट में तीन युवक एक दुकान में घुस गए और सराफ को गोली मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई वारदात से बाजार में भगदड़ मच गई। घटना की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।
कस्बे के मोहल्ला बाजारगंज स्थित सराफा व्यापारी शाश्वत रस्तोगी (22) की उनके ही मकान में सोने-चांदी की दुकान है। रविवार दिन में करीब दो बजे वह अपनी दुकान में बैठे थे। इसी बीच पहले दो युवक दुकान पर आए और सराफ शाश्वत से बातचीत करने लगे। किसी बात को लेकर उनके बीच गरमा गरमी होने लगी। इस पर पड़ोसी व्यापारी भी पहुंच गए। युवकों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान बाहर खड़े तीसरे युवक ने दुकान में घुसकर गोली मार दी। गोली व्यापारी के सीने में जा धंसी। इसके बाद तीनों हमलावर मौके से भाग गए। गोली की आवाज सुनकर बाजार में भगदड़ मच गई। आनन फानन में दुकानें बंद हो गईं। मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घायल व्यापारी को मोहम्मदी सीएचसी लेकर गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया। शाहजहांपुर ले जाते समय उनकी रास्ते में मौत हो गई। मोहम्मदी में बाजार का दिन था। भारी भीड़भाड़ के बीच बाजार में सरेआम सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। घटना स्थल से लेकर सीएचसी तक तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। सीओ प्रदीप कुमार यादव, सीओ गोला रवींद्र कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। चेयरमैन संदीप मेहरोत्रा, विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह भी पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस, दुकान और मार्केट में लगे सीसी टीवी कैमरों से हत्यारों के फुटेज खंगाल रही है।
एकलौता पुत्र था शाश्वत, घर में मचा कोहराम
मृतक शाश्वत अविवाहित और बीए पास थे। बेटे की मौत से घर में कोहराम मचा है। पिता किशन रस्तोगी की चार साल पहले मौत हो गई थी। तीन बहनें प्रतिष्ठा, सीमा और तृप्ति की शादी हो चुकी है। मृतक की मां सीता किसी काम से दो दिन पूर्व रिश्तेदारी में कानपुर गई हैं। मृतक की मां को घटना की सूचना दी गई है। उनके कानपुर से आने के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। चार साल पहले पति की मौत के बाद सीता टूट गई थी। वह अपने एकलौते पुत्र शाश्वत के साथ अपना जीवन काट रही थी। अचानक हुए इस हादसे से उसकी दुनियां ही सूनी हो गई।
अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना का कोई कारण पता चल सका है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। आरोपियों की पहचान के लिए दुकान और बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा जा रहा है। संजय त्यागी प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मोहम्मदी