सिकंद्राबाद। जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडों से हुई मारपीट के दौरान एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भेजा, जहां से एक घायल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया।
सिकंद्राबाद निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि उसके भाई हरिराम ने जमीन बेची थी, जिसके रुपयों को लेकर शनिवार को परिवार में वार्ता हो रही थी। वार्ता के दौरान शत्रोहन, हरीराम और अंकुर तीनों ही शराब के नशे में धुत थे। बातचीत के दौरान तीनों गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर उनके भाई को लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। बीच बचाव करने आए सियाराम का भी सिर लाठी लगने से फट गया। मारपीट के दौरान पत्नी मीनू शुक्ला व पुत्र मोहित और शिवांशु भी घायल हो गए। सूचना पर यूपी 112 व चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पांचों घायलों को बेहजम सीएचसी लाई, जहां से डॉक्टर ने घायल सियाराम को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि पारिवारिक जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई है और अभी तहरीर नहीं मिली है।