मैलानी। नगर निवासी एक महिला को मोबाइल पर 25 करोड़ की लाटरी निकलने का झांसा देकर जालसाज ने बताए गए खाते में 28 हजार रुपये जमा करा लिए। महिला ने जब रुपये खाते में जमा कर दिए तो जालसाज ने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। तब महिला को ठगी होने का अहसास हुआ।
मोहल्ला काली मंदिर निवासी संजय की पत्नी मोनी ने बताया कि रविवार की शाम सात बजे उसके मोबाइल पर कॉल आई। कॉलर ने कहा कि उसकी 25 करोड़ की लाटरी निकली है। यह बात किसी को न बताने की भी ताकीद की। थोड़ी देर बाद फिर कॉल आई और उससे बताए गए खाता नंबर पर नौ हजार रुपये जमा करने को कहा गया, तो उसने एक कैफे से नौ हजार रुपये जमा कर दिए। इसके बाद उससे फिर सात हजार, आठ हजार, चार हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद उससे फिर डेढ़ हजार रुपये जमा करने को कहा गया, तो शक होने पर उसने लोगों को यह बात बताई, तब उसे ठगे जाने का अहसास हुआ। उसने मामले की तहरीर पुलिस में दी है।