लखीमपुर खीरी। बस की बॉडी बनवाने के लिए 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ट्रांसपोर्टर ने अपनी पत्नी की पिटाई की। आरोप है कि उसे गला दबाकर जान से मार डालने की कोशिश की। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर उसके ट्रांसपोर्टर पति अजय जायसवाल, उनके भाई संजय जायसवाल सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के मोहल्ला हाथीपुर उत्तरी सेठघाट रोड निवासी निवासी सुयसी जायसवाल के मुताबिक उसकी शादी 12 फरवरी 2010 को अजय जायसवाल के साथ हुई थी। कम दहेज का ताना देकर पति व ससुराल के अन्य लोग उसे प्रताड़ित करते थे। बस बॉडी बनवाने के लिए 10 लाख रुपये की मांग की थी। माता-पिता ने मांग पूरी करने में असमर्थता जता दी। इससे नाराज पति, उनके भाई संजय जायसवाल, उसकी पत्नी स्वाती जायसवाल और बहन वर्षा जायसवाल सभी मिलकर मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। कई-कई दिनों तक भूखा-प्यासा रखा। 16 नवंबर 2019 को पति ने उसकी जमकर पिटाई की।। गला दबाकर जान से मार देने की कोशिश की। वह किसी तरह से भागकर कमरे में पहुंची और अपनी जान बचाई। सूचना पर मायके वाले आ गए, जिनके साथ वह बमुश्किल मायके आ पाई। प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर उसके पति अजय जायसवाल, भाई संजय जायसवाल, स्वाती और वर्षा जायसवाल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।