लखीमपुर खीरी। परिषदीय स्कूलों में उपस्थिति को लेकर खेल किए जाते हैं, जिसके लिए फर्जी तरीके से पावना (उपस्थिति पत्रक) बनाए जा रहे हैं। बिजुआ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय फुटहा की इंचार्ज प्रधानाध्यापक के अक्तूबर 2019 के डबल पावना लेखा कार्यालय पहुंच गए, जिससे फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। मामले में कार्रवाई के लिए वित्त एवं लेखाधिकारी डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने बीएसए को पत्र भेजा है।
बिजुआ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय फुटहा में कार्यरत इंचार्ज प्रधानाध्यापक शिवानी शुक्ला के डबल पावना (उपस्थिति पत्रक) पकड़े गए हैं। अक्तूबर 2019 का वेतन निकालने के लिए विद्यालय से दो पावना जारी किए गए, जिनमें एक पावना पर 23 सितंबर से आठ अक्तूबर 2019 तक शिवानी शुक्ला का चिकित्सीय अवकाश अंकित है, जबकि दूसरे पावना में इसी अवधि के दौरान कालमों में शिवानी शुक्ला की उपस्थिति के हस्ताक्षर अंकित हैं। लेखा विभाग के बाबू ने एक विद्यालय के दो पावना देखें, तो मिलान करने पर सांठगांठ करके फर्जी तरीके से वेतन निकालने का मामला पाया गया। वित्त एवं लेखाधिकारी डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने दोनों पावना पर इंचार्ज प्रधानाध्यापिका और बीईओ के हस्ताक्षर होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। पावना के साथ छेड़छाड़ करके अन्य विद्यालयों में भी ऐसा फर्जीवाड़ा किए जाने से इनकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने बीएसए से मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
मामला संज्ञान में आया है। पावना पर हमारे हस्ताक्षर नहीं है। प्रधानाध्यापक के स्तर से ही पावना भेजे जाते हैं, जिन्हें बीआरसी से संकलित कवरिंग लेटर लगाकर भेजा जाता है।
बृजेश त्रिपाठी, बीईओ, बिजुआ
पावना बिल बीआरसी स्तर से भेजे जाते हैैं, जिसके लिए बीईओ जिम्मेदार हैं। पावना में गड़बड़ी करने वाले दोषी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बीईओ की भूमिका की समीक्षा की जाएगी।
बुद्ध प्रिय सिंह, बीएसए