बांकेगंज। ब्लॉक क्षेत्र के गांव रायपुर में सोमवार को मासूम दो चचेरी-तहेरी बहनों की संदिग्घ हालात में मौत हो गई। परिवार वाले डायरिया के कारण उनकी मौत होने की बात कह रहे हैं, वहीं गांव के लोगों ने मामला संदिग्ध बताकर पुलिस को खबर दी। इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव कब्जे में ले लिए, मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
रायपुर गांव बांकेगंज से करीब तीन किलोमीटर है, यहां रहने वाले श्रीपाल की पांच वर्षीय बेटी अलका और श्रीपाल के छोटे भाई योगेश कुमार की चार वर्षीय बेटी ईशा की मौत हुई। परिजनों के मुताबिक दोनों को रविवार शाम अचानक उल्टी-दस्त आने लगे। तबियत में सुधार न होने पर वे सोमवार सुबह श्रीपाल की बेटी अलका को इलाज के लिए बांकेगंज सीएचसी लेकर पहुंचे। जबकि ईशा को गोला सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों के प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने के कारण जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान दोनों बच्चियों की शाम को मौत हो गई। एक ही दिन में दो सगे भाइयों की दो बच्चियों की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मचा गया।
दोनों बच्चियों के शव परिजन घर ले आए। वे अंतिम संस्कार की तैयारी कर ही रहे थे कि किसी ने मामला संदिग्ध बताते हुए यूपी 100 पुलिस को खबर दे दी। गांव में चर्चा दोनों भाइयों के बीच झगड़े के भी है। सूचना पर बाद में थानाध्यक्ष मैलानी राजवीर सिंह और बांकेगंज चौकी इंचार्ज अनेक पाल सिंह भी गांव पहुंचे और जानकारी हासिल की। बाद में परिवारीजनों ने भी पुलिस को प्रार्थना-पत्र देकर दोनों बच्चियों का पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया। उधर बांकेगंज सीएचसी के चिकित्सक डॉ. एएच अंसारी ने बताया कि सीएसची पर अलका बेहोशी हालत में आई थी। उसकी हालत काफी नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
अब चेता स्वास्थ्य विभाग, आज रायपुर जाएगी टीम
बांकेगंज सीएचसी के जलालपुर गांव में दस दिन पहले संक्रामक बीमारियों से चार मौतें हुईं थी। इसके बाद सोमवार को बांकेगंज के रायपुर गांव में एक ही दिन में एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। उल्टी-दस्त से मौत की बात पता चलने पर स्वास्थय महकमे में हड़कंप मच गया। एसीएमओ डॉ, अश्विनी कुमार ने बताया रायपुर गांव में मंगलवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजकर लोगों की सेहत की जांच कराई जाएगी।
रायपुर गांव निवासी श्रीपाल और योगेश कुमार ने अपनी बच्चियों की बीमारी के चलते मौत होना बताया। साथ ही उनका पोस्टमार्टम कराने के लिए भी प्रार्थना-पत्र दिया है। दोनों बच्चियों के शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। -राजवीर सिंह,एसओ,मैलानी।