निघासन। पुलिस ने चेकिंग के दौरान सौ ग्राम स्मैक पाउडर, एक सुतली बम और दो असलहों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया। पुलिस का दावा है कि तीनों बाइक पर सवार होकर स्मैक बेचने जा रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ल ने बताया कि दीपावली आदि को देखते हुए एसपी के निर्देश पर चेकिंग कराई जा रही है। सोमवार रात करीब सवा दो बजे एसएसआई नरेंद्र प्रताप, एसआई राहुल सिंह, सिपाही रवि पाठक, मृत्युंजय पांडेय और शिवा नेहरा के साथ सिंगाही-निघासन रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी बीच पलिया रोड से बिरजापुरवा के पास होते हुए सिंगाही रोड पर निकली सुहेली नहर की पटरी पर एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। तीनों नहर की पटरी से सिंगाही की तरफ मुड़ गए। इस पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो तीनों बाइक छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर गोविंदपुर फार्म लुधौरी निवासी लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा, पलिया कोतवाली के बसंतापुर कलां निवासी गोविंद और सतीश उर्फ छोटू को दबोच लिया। लखविंदर के कब्जे से 50 ग्राम स्मैक और सुतली लपेटकर बनाया गया एक देशी बम, एक तमंचा, दो कारतूस, दो हजार रुपये, गोविंद के पास तीन सौ पंद्रह बोर का एक तमंचा, एक कारतूस, 1800 रुपये और सतीश के पास से 50 ग्राम स्मैक और एक प्लेटिना बाइक बरामद हुई। इस बाइक पर उन्होंने किसी और बाइक की नंबर प्लेट लगा रखी थी। पूछताछ में उन्होंने ग्राहक मिलने पर स्मैक बेचने और दांव लगने पर कहीं चोरी आदि कर लेने की नीयत से निकलने की बात पुलिस को बताई। आरोपी लखविंदर और गोविंद ने 22 सितंबर को तारानगर में नकब लगाकर हुई चोरी की घटना में शामिल होना कुबूल किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया।