पिपरिया धनी (लखीमपुर खीरी)। गोला-मोहम्मदी रोड पर फुलकारी गेस्ट हाउस के पास बृहस्पतिवार देर रात ट्रक ने पैदल जा रहे चार मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में तीन मजदूरों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो सगे भाई हैं, जो गोला गोकर्णनाथ से मोहम्मदी के गांव नंदापुर में घर लौट रहे थे।
मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव नंदापुर निवासी सियाराम (40) अपने छोटे भाई श्याम नारायण (28), गांव के शीतला प्रसाद (40) और राकेश कुमार 28 के साथ गुरुवार की सुबह मजदूरी करने गोला गोकर्णनाथ गए थे। देर रात वे रोडवेज की बस से रेहरिया पहुंचे। बस से उतरकर सभी गांव को पैदल जा रहे थे। मोहम्मदी-रेहरिया के बीच फुलकारी गेस्ट हाउस के पास गोला की ओर से आ रहेे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे चारों घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंचे रेहरिया चौकी इंचार्ज मनीष पाठक ने सभी घायलों को एंबुलेंस से मोहम्मदी सीएचसी भिजवाया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, रास्ते में श्याम नारायण, शीतल प्रसाद और राकेश कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि सियाराम का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उधर हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। करवा की पूजा कर पति के आने का इंतजार कर रहीं महिलाएं फूटफूट कर रोने लगी। रोते-बिलखते परिवार वाले भी अस्पताल पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।