लखीमपुर खीरी। फरधान थाना क्षेत्र के गांव पठानपुरवा के मोहम्मद रशीद की मौत के मामले में परिवार वालों के द्वारा सवालिया निशान लगने के बाद डीएम ने दोबारा पोस्टमार्टम के आदेश दिए हैं। परिवार वालों का कहना है कि रशीद के काफी चोटें थीं, मगर डॉक्टर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिल की बीमारी को मौत की वजह बता दिया है।
पठाननपुरवा मजरा गुठना निवासी जुबेर अहमद ने बताया कि उसके पिता मोहम्मद रसीद की नीमगांव थाना क्षेत्र फोन से बुलाकर हत्या कर दी गई है। शव का पंचनामा भरने के दौरान लाश पर कई चोटें भी पाई गई थीं, लेकिन पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने अपनी रिपोर्ट में रसीद की मौत की वजह दिल की बीमारी बताई थी, साथ ही कहा था कि शरीर पर कोई चोट नहीं पाई गई। इस रिपोर्ट की जानकारी मिलने के बाद से ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गडबड़ी की आशंका जताई जा रही है। शिकायत पर डीएम शैलेंद्र सिंह ने इस पूरे मामले में एसपी से रिपोर्ट तलब की थी। नीमगांव थाना पुलिस ने डीएम को बताया कि एसआई तेजभान सिंह ने मृतक का पंचनामा भरते हुए कई चोटें पाए जाने की तस्दीक पंचनामा में की है। परिवार वालों के साथ गए जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व महामंत्री हेमंत गुप्ता की मांग पर डीएम ने वीडियो कैमरे की निगरानी में डॉक्टरों के पैनल से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग स्वीकार कर ली। अब यह पैनल सीएमओ तय करेंगे। डीएम ने यह भी व्यवस्था दी है कि शव को कब्र से निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने और उसके बाद शव को फिर से उसी स्थान पर दफनाने वाली टीम में सीओ और एसडीएम उपस्थिति रहेंगे। साथ ही ग्राम प्रधान व मृतक के परिजन भी मौजूद रह सकेंगे।