गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा अलीगंज निवासी पूर्व प्रधान विजय प्रकाश तिवारी ने मोबाइल पर मिली धमकी से आहत होकर आत्महत्या कर ली है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
अलीगंज निवासी अजेंद्र मोहन तिवारी ने बताया कि गांव के ही सुशील कुमार मिश्र, अनिल कुमार मिश्र, श्रवण कुमार मिश्र से काफी समय से जमीनी रंजिश चल रही है। इससे पूर्व विपक्षियों के साथ विवाद भी हुआ है। विपक्षी आए दिन जानमाल और बरबाद कर देने की धमकी देते रहे हैं। मंगलवार की दोपहर को विपक्षी सुशील कुमार मिश्र ने मोबाइल पर उनके पिता विजय प्रकाश तिवारी को धमकी दी। जिससे वह परेशान थे। अजेंद्र मोहन कस्बा स्थित अपनी दुकान पर थे। इसी दौरान उनके 70 वर्षीय पिता विजय प्रकाश तिवारी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। शाम करीब साढ़े पांच बजे उनके पिता चहारदीवारी के किनारे बेहोशी हालत में पड़े मिले। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए लखीमपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
अजेंद्र मोहन तिवारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के नामजद रिपोर्ट दर्ज कर सुशील कुमार मिश्र को हिरासत में ले लिया है। वही पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों ने विजय प्रकाश तिवारी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। शव यात्रा में पूर्व विधायक विनय तिवारी, पूर्व एमएलसी धीरेंद्र मोहन सिंह, अजय गिरि, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रीतेंद्रपाल सिंह, प्रधान अनुभवदास आदि शामिल हुए।
दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश है। मोबाइल पर धमकी मिलने के बाद आत्महत्या का मामला सामने आया है। तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
- डीपी तिवारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गोला।