लखीमपुर खीरी। क्राइस्ट चर्च पर बम धमाके के मास्टरमाइंड कमरू के नेपाल भाग जाने से पुलिस की मुसीबत बढ़ गई है। अब उसे पकड़ पाना पुलिस के लिए काफी मुश्किल होगा। हालांकि खीरी पुलिस की टीम नेपाल गई है। एसपी भी नेपाल पुलिस से लगातार संपर्क में हैं।
शहर के मोहल्ला कपूरथला में पुराने एसपी बंगले के निकट स्थित क्राइस्ट चर्च पर 17 सितंबर 2016 को दो बम धमाके हुए थे। एटीएस की जांच रिपोर्ट में धमाका करने वालों में घटना का मास्टरमाइंड बहराइच निवासी कमरू उर्फ कमरूद्दीन निकला था। इसके अलावा धमाकों में शामिल पांच अन्य के नाम भी पुलिस को बताए थे। सदर कोतवाली पुलिस ने घटना में शामिल रामलाल निवासी सिसैया कलां थाना निघासन और सज्जन अली निवासी हरसिंगपुर को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन मास्टरमाइंड और उसके तीन अन्य साथी पुलिस के हाथ नहीं लग सके। पुलिस के मुताबिक मास्टरमाइंड कमरू पकड़े जाने के डर से नेपाल भाग गया है। उसके अन्य साथियों के भी नेपाल में छिपे होने की पुलिस को आशंका है। एसपी ने संपर्क कर नेपाल पुलिस के अफसरों से मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कराने में मदद मांगी है। साथ ही टीम गठित कर नेपाल भेजी है। नेपाली पुलिस के सहयोग से टीम फरार आरोपियों की सुरागरसी कर रही है। भारत-नेपाल सीमावर्ती थानों की पुलिस को भी एसपी ने अलर्ट किया है। एसपी पूनम ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नेपाल पुलिस के अफसरों से बातचीत हुई है। मास्टरमाइंड समेत फरार अन्य आरोपियों की सुरागरसी के लिए टीमें गठित की गई हैं, जो अपना काम कर रही हैं। एक टीम को नेपाल भेजा गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कमरू पकड़ में आए तो खुले राज
क्राइस्ट चर्च पर बम हमले की साजिश बहराइच निवासी कमरू ने ही रची थी। उसने ही दो बम थाना निघासन के गांव हरसिंगपुर निवासी सज्जन अली को दिए थे। कमरू का चर्च पर हमला कराने का क्या उद्देश्य था, उसके पीछे कोई और तो नहीं है, जिसकी शह पर शहर का अमन-चैन बिगाड़ने की कोशिश की गई। इन सभी सवालों पर अभी रहस्य बरकरार है। कमरू के पकड़े जाने के बाद ही इन रहस्यों से पर्दा उठ सकेगा।