गोला गोकर्णनाथ। सरकारपुर में प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराने के लिए एक ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि ने 24 लोगों से पांच-पांच हजार रुपये वसूल लिए। तीन साल तक इंतजार करने के बावजूद जब मकान नहीं मिला तो महिलाएं पलिया विधायक रोमी साहनी से शिकायत करने पहुंच गई। विधायक ने प्रधान प्रतिनिधि को बुलाकर फटकारा तो उसने सभी को रकम वापस कर दी। इससे पहले डीएम से भी शिकायत की गई थी, मगर ग्रामीणों को कोई राहत नहीं मिली थी।
ग्रामीणों ने बताया कि बांकेगंज की ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 11 की ग्राम प्रधान सोनाश्री के प्रतिनिधि प्रमोद कुमार ने अपनी ग्राम पंचायत के गांव सरकारपुर में प्रधानमंत्री आवास बनवाने के नाम पर 24 ग्रामीणों से तीन साल पहले पांच-पांच हजार रुपये वसूले थे। इस तरह कुल एक लाख 10 हजार रुपये वसूले गए। रुपये लेते वक्त प्रमोद ने कहा था कि आवास की रकम जब उनके खातों में जाएगी, तब 15-15 हजार रुपये और देने होंगे। धीरे-धीरे समय बीतता गया, मगर आवास नहीं मिला। तब मामले की शिकायत डीएम से की गई, मगर सुनवाई नहीं हुई।
सोमवार दोपहर सरकारपुर की सुनीता देवी, प्रेमा देवी, रामबेटी, हरिओम, गायत्री देवी, नीलम देवी, रेखा देवी, जमुना देवी, मुन्नी देवी, रूपा देवी, राजेश्वरी, कामेश्वरी, रेशमा देवी व अन्य ग्रामीणों ने विधायक रोमी साहनी के गोला स्थित आवास पर आकर प्रधान प्रतिनिधि प्रमोद कुमार की शिकायत की। यह सुनकर विधायक रोमी साहनी का पारा चढ़ गया और प्रधान प्रतिनिधि को अपने आवास पर बुलाया। विधायक ने शिकायतकर्ता ग्रामीणों के सामने प्रधान प्रतिनिधि की जमकर फटकार लगाई। साथ ही ग्रामीणों को प्रधान द्वारा वसूली गई रकम वापस कराई।