कुंभी ब्लाक की ग्राम पंचायत कोटवारा के प्रधान मोहम्मद सलीम खां ब्लाक में ही नहीं जिले में भी एक मिसाल हैं, उन्होंने कम खर्च में चौथी बार चुनाव जीतकर रिकार्ड बनाया है।
ग्राम पंचायत कोटवारा में कोटवारा और नौगवां दो गांव आते हैं। मोहम्मद सलीम खां 1995 में क्षेत्र पंचायत सदस्य बने। तब उन्होंने ब्लाक प्रमुख से सद्भाव पूर्ण व्यवहार बनाकर अपनी पंचायत में कई विकास कार्य कराए। जिसकी बदौलत वर्ष 2000 में ग्राम प्रधान का चुनाव 165 मतों से जीता। 2005 में वे 85 मतों से विजयी रहे। 2010 में 119 अधिक मत पाकर जीत दर्ज की। लगातार विकास कार्य कराने के कारण पंचायत में उनकी लोकप्रियता कम नहीं हुई। इस बार प्रधान पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में थे। अन्य प्रत्याशियों ने काफी धन खर्च किया, लेकिन मोहम्मद सलीम खां अपने पुराने ढर्रे पर चले, उन्होंने मामूली खर्च कर चौथी बार चुनाव जीता। उनके समर्थक इस जीत से फूले नहीं समा रहे हैं, जबकि मोहम्मद सलीम खां इस जीत को जनता का प्यार बताते हैं।
मंडी समिति में हुई मतगणना में मोहम्मद सलीम खां को 538 (विजयी) मत मिले। निकटतम प्रतिद्वंद्वी मिथलेश दीक्षित को 515, छत्रपाल यादव को 384, लियाकत को 69 और रहीमुद्दीन को 41 मतों पर संतोष करना पड़ा।