धनगढ़ी में जिला प्रशासन कार्यालय में ज्ञापन सौंपते एमाले पार्टी कार्यकर्ता। स्रोत: सोशल मीडिया
धनगढ़ी (नेपाल)। नेकपा एमाले के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की गिरफ्तारी के विरोध में सुदूर पश्चिम के धनगढ़ी में माहौल गरमाया हुआ है। रविवार को लगातार दूसरे दिन भी एमाले कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और जुलूस निकालकर विरोध दर्ज कराया।
कार्यकर्ताओं ने धनगढ़ी मुख्य बाजार से रैली निकालते हुए नारेबाजी की और जिला प्रशासन कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। शनिवार सुबह काठमांडू में जेन जी आंदोलन के दौरान 19 युवकों की मौत के आरोप में ओली की गिरफ्तारी के बाद से ही पूरे नेपाल में विरोध की लहर है।
इसी क्रम में रविवार को एमाले कैलाली जिला कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने बालेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केपी शर्मा ओली व एक लेखक की अविलंब और ससम्मान रिहाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कैलाली के जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए गिरफ्तारी को राजनीतिक बदला बताया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।