ओयल के मोतीपुर में मातृ शिशु अस्पताल का डीएम ने किया निरीक्षण
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। बढ़ती कोरोना संक्रमितों की संख्या को देखकर एक और कोविड अस्पताल के लिए शनिवार को डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने सीएमओ मनोज अग्रवाल के साथ ओयल के मोतीपुर स्थित 200 बेड के निर्माणाधीन मातृ एवं शिशु चिकित्सालय जाकर वहां का औचक निरीक्षण किया। यह अस्पताल कोविड मरीजों के लिए करीब एक हफ्ते में तैयार हो जाएगा।
डीएम ने 16 अप्रैल को अमर उजाला से खास बातचीत में ओयल में 200 बेड के कोविड अस्पताल को विकसित करने की बात कही थी। इसी के चलते शनिवार को डीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय के प्रोजेक्ट मैनेजर को एक हफ्ते के अंदर इसे कोविड अस्पताल के तौर पर विकसित करने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि कोरोना संक्रमितों का इलाज सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने जल्द ही कोविड चिकित्सालय के संचालन के लिए सीएमओ मनोज अग्रवाल से समन्वय बनाकर इस संबंध में जल्द ही उक्त कार्रवाई की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिये, जिससे आवश्यकतानुसार कोविड की रोकथाम व प्रभावी नियंत्रण के लिए संक्रमित मरीजों को भर्ती कर उनका समुचित इलाज किया जा सके।
निर्माणाधीन अस्पताल में अभी साफ-सफाई नहीं
ओयल। 200 बेड के महिला अस्पताल को कोविड अस्पताल में बदलने के लिये भले ही जिला प्रशासन तैयारी कर रहा हो, लेकिन अभी निर्माणाधीन अस्पताल में साफ सफाई का काम नहीं हुआ है। अस्पताल में न तो बेड का इंतजाम है और न ही ऑक्सीजन सिलिंडरों का। संवाद