निघासन। तिकोनिया कोतवाली क्षेत्र के बनवीरपुर गांव के दंपती को उसके पड़ोसी ने वर्क वीजा बताकर टूरिस्ट वीजा पर मलेशिया भेज दिया। इसके एवज में साढ़े पांच लाख रुपये ठग लिए। काफी दिनों तक दंपती विदेश में फंसे रहे। मुश्किल से लौटने के बाद अब पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी अमर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पड़ोसी प्रदीप राय से उनके अच्छे संबंध थे। प्रदीप ने कहा कि उनकी पत्नी विदेश में काम करती है और वह कम खर्च में किसी को भी बाहर भेज सकते हैं। उस पर भरोसा करते हुए अमर सिंह ने अपने भाई विवेक और उसकी पत्नी पूजा को विदेश भेजने की बात तय की।
आरोप है कि प्रदीप ने एजेंट के माध्यम से उनका वीजा बनवाने के लिए चार लाख रुपये ले लिए। बताया कि दोनों का वर्क वीजा बन गया है। इसके बाद विवेक और पूजा मलेशिया चले गए। वहां पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उन्हें टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। इसके बाद उन्हें कोई काम नहीं मिला। तीन माह तक दंपती ने किसी तरह गुजारा किया। इस बीच वे काफी परेशान रहे।
विवेक ने प्रदीप से बात की तो उसने कहा कि यदि डेढ़ लाख रुपये और भेज दो तो वह उन्हें भारत वापस बुलवा लेगा और कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करनी होगी। विवेक ने मजबूरी में रुपये भेजे, तब जाकर दोनों भारत लौट सके। पीड़ित अमर सिंह ने पुलिस से शिकायत कर मांग की है कि प्रदीप राय से उसकी ठगी की गई राशि वापस दिलाई जाए और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
तिकुनिया कोतवाल पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।