सिकंदराबाद। सिकंदराबाद विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के रायपुर गांव में डबल पोल पर चढ़कर फेज सही करते समय करंट लगने से प्राइवेट बिजली कर्मी महेश गुप्ता की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर एसएसओ और लाइनमैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना नीमगांव क्षेत्र के रायपुर निवासी रत्नेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका भाई महेश गुप्ता पिछले कुछ वर्षों से लाइनमैन उदय के साथ काम करता था। बृहस्पतिवार रात रायपुर के उच्च प्राथमिक स्कूल के पास डबल पोल पर फेस सही करने के लिए लाइनमैन उदय से शटडाउन लेकर वह पोल पर चढ़ा था।
आरोप है कि इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई, जिससे महेश गुप्ता गंभीर रूप से झुलस गया। उसे गोला सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर एसएसओ बालगोविंद और लाइनमैन उदय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच एसआई पटेल सिंह राठी को सौंपी गई है।
शुक्रवार को विधायक अमन गिरि मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी और विभाग से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
-
मृतक विभाग का कर्मचारी नहीं था। विभागीय जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सिकंदराबाद के जेई ने नीमगांव पुलिस को पत्र भी भेजा है।
-अरविंद कुमार, अधिशाषी अभियंता