लखीमपुर खीरी। कोरोना टीकाकरण अभियान पिछले साल 16 जनवरी में शुरू हुआ था। 18 साल से अधिक उम्र के लोगों की पहली डोज का टीकाकरण का लक्ष्य पूरा हो गया है। स्वास्थ्यकर्मियों ने इन 13 माह में निर्धारित लक्ष्य 27, 49, 495 के सापेक्ष 28, 43, 155 (103 प्रतिशत) लोगों का वैक्सीनेशन किया है। हालांकि दूसरी डोज अभी 73.9 प्रतिशत लोगों के ही लग सकी है।
जिलेवासियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए 16 जनवरी, 2021 को वैक्सीनेशन अभियान शुरू हुआ, जिसके बाद से अनवरत टीकाकरण जारी है। मगर, जागरूकता के अभाव में लक्ष्य पूरा करने में तमाम बाधाएं लगती हैं। 13 माह बाद स्वास्थ्य विभाग ने 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा कर तीन प्रतिशत अधिक लोगों के वैक्सीन लगाई है।
शासन ने 18 साल से अधिक उम्र के 27,49,495 लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य निर्धारित किया था। जिले भर में 13 माह तक चले अभियान में 103 प्रतिशत यानि 28,43,155 लोगों के पहली डोज लगाई जा चुकी है। जबकि दूसरी डोज मात्र 73.9 प्रतिशत लोगों के ही लग पाई है।
70 प्रतिशत वृद्धों ने लगवाई दूसरी डोज
कोरोना संक्रमण से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया भी किया जा रहा है। बावजूद इसके वैक्सीन लगवाने के लिए बुजुर्ग जागरूक नहीं है। पिछले एक साल में निर्धारित लक्ष्य 3,49,732 के सापेक्ष अब तक 340400 (97.3 प्रतिशत) बुजुर्गों के पहली और 245566 (70.2 प्रतिशत) के ही दूसरी डोज लग सकी है।
18 साल से अधिक उम्र के लोगों के पहली डोज का लक्ष्य पूरा गया है। वहीं 70 प्रतिशत लोगों के दूसरी डोज लग सकी है। टीकाकरण लक्ष्य पूरा करने के लिए निरंतर इसकी समीक्षा होती है, जिससे निर्धारित लक्ष्य जल्द से जल्द पूरा हो सके। - डॉ. शैलेंद्र भटनागर सीएमओ