रोडवेज बस अड्डे पर सैंपलिंग करते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला अब तेजी पकड़ने लगा है। बुधवार को आई रिपोर्ट में भी 27 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिसमें पुलिस लाइन के चार पुलिसकर्मी भी संक्रमित मिले हैं। इससे पहले तीन दिनों में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या दो अंकों में रही है। इससे पुलिस-प्रशासन भी चिंता में पड़ गया है।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक सरकार लैब से 690 रिपोर्ट मिलीं, जिसमें 18 पॉजिटिव और 672 निगेटिव रिपोर्ट आई हैं। इसके अलावा अन्य लैब की रिपोर्ट में तीन लोग पॉजिटिव मिले हैं, जबकि एंटीजन टेस्ट में छह लोग पॉजिटिव निकले हैं। लखीमपुर तहसील क्षेत्र में 13 पॉजिटिव केस मिले हैं। पुलिस लाइन के चार पुलिसकर्मी संक्रमित पाए गए हैं, जिसमें सदर कोतवाली के पूर्व एसएसआई भी शामिल हैं। मोहल्ला ईदगाह में चार, काशीनगर में एक, पुरानी गल्ला मंडी निकट सुभाष पार्क में एक, मोहल्ला द्वारिकापुरी में एक, मोहल्ला सब्जी मंडी में एक और गांव कैमासुर टीकर में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। तहसील गोला गोकर्णनाथ के गोकर्ण वार्ड में एक और गुप्ता कॉलोनी अलीगंज रोड में एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। पलिया क्षेत्र के भीरा में एक और वरबंडा में दो लोग पॉजिटिव मिले हैं। धौरहरा के मोहल्ला पठान वार्ड में एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। मितौली क्षेत्र के गांव सुनौरा में एक और मगही गांव में एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। तिकुनिया में दो लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। मोहम्मदी क्षेत्र के गांव बिचपरी में एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। डीएम के मुताबिक सीतापुर के दो व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसकी रिपोर्ट सीतापुर के अधिकारियों को दी गई है। इसके अलावा तहसील गोला के अयोध्यापुर निवासी एक व्यक्ति को लखनऊ में क्वारंटीन किया गया है, जो नौ महीने से जनपद में निवासी नहीं कर रहा है। डीएम ने बताया कि बुधवार को 12 संक्रमित ठीक होने पर डिस्चार्ज कर दिए गए। अब तक जनपद में कुल 391 कोरोना संक्रमित केस मिले हैं, जिनमें उपचार के बाद 224 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब वर्तमान में कुल 164 एक्टिव कोरोना पॉजिटिव केस हैं।
पलिया में स्वास्थ्य कर्मी और उसकी पुत्री निकली पॉजिटिव
पलियाकलां। पलिया इलाके में कोरोना पॉजीटिव मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। बुधवार को एक महिला स्वास्थ्यकर्मी और उसकी पुत्री कोरोना पॉजिटिव मिली। पुराना अस्पताल में रहने के कारण उनके घर को जाने वाली गली को कंटेन्मेंट जोन बनाते हुए बांस-बल्ली लगा दी गई है। जबकि उनके संपर्क में आने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। लगातार बढ़ रही कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या ने क्षेत्र में अर्द्धशतक लगा दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। संवाद