लखीमपुर खीरी/ गोला गोकर्ण नाथ। ब्रिटेन में कोरोना का नया स्ट्रेन सामने आने के बाद वहां से भारत लौटने वालों की सघन चेकिंग कराई जा रही है। ब्रिटेन से हाल में आए 114 लोगों में नए वायरस की पुष्टि हो चुकी है। ईश्वर का शुक्र है कि अपने जिले में आए दंपती कोरोना की जांच में फिर निगेटिव रहे हैं। ब्रिटेन से आने के बाद दंपती की आरटीपीसीआर जांच एयरपोर्ट पर हुई, जो निगेटिव रही। वहीं जिला प्रशासन ने एक बार फिर से दोनों की दूसरी जांच कराई है। बताते हैं कि पत्नी की दूूसरी जांच भी निगेटिव रही। जबकि पति की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है। हालांकि दंपती होम क्वारंटीन हैं।
गोला नगर की एक कॉलोनी निवासी पिछले कुछ सालों से ब्रिटेन में रह रहे थे। वह अभी हाल में ही लौटकर आए हैं। कुछ दिन घर में रुकने के बाद दोनो लोग नैनीताल चले गए। इसकी जानकारी लगते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। बताते हैं कि जिला प्रशासन ने नैनीताल प्रशासन से वार्ता कर दोनो को ट्रेस कराया। बताते हैं जब तक वहां का प्रशासन दोनों को खोज पाता इससे पहले ही महिला अपने मायके कोलकता चली गई और पति गोला वापस आ गए। इस पर स्वास्थ्य महकमे ने कोलकता प्रशासन से वार्ता कर महिला की कोरोना जांच कराई, जो निगेटिव रही। इससे कोलकता और जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। उधर, जिला प्रशासन ने पति की दोबारा आरटीपीसीआर जांच कराने के लिए सैंपल भेजा है। जिसकी रिपोर्ट अभी आनी बाकी। जबकि एंटीजन टेस्ट निगेटिव रही है। पीएचसी अधीक्षक डॉ. गनेश कुमार ने बताया कि 28 दिसंबर को आरटीपीसीआर के लिए दोनों का सैंपल भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट आने का इंतजार है। फिलहाल दोनो को आए हुए 21 दिन से अधिक का समय हो गया है। मगर, रिपोर्ट आने तक होम क्वारंटीन किया गया है।
ब्रिटेन से दो लोग जिले में आए हैं। दोनो की एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल भेेजा गया है। एंटीजन रिपोर्ट निगेटिव रही। एयरपोर्ट पर भी उनकी जांच हुई थी। जो निगेटिव थी। महिला की कोलकता में आरटीपीसीआर जांच हुई, जो निगेटिव रही। एहतियातन दोनो की फिर से आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। -डॉ. मनोज अग्रवाल, सीएमओ
कोरोना के बदलते रूप को लेकर जहां दहशत का माहौल है, वहीं जनपद के लोग अब भी लापरवाह बने हुए हैं। ऐसा लगता है कि कोरोना उनके लिए बीते दिनों की बात हो गई है। एसबीआई के सामने खड़े यह लोग लापरवाही की गवाही दे रही है। इन लोगों ने न तो अपने चेहरों पर मास्क लगाया है,और न ही सामाजिक दूरी का पालन करते दिखे हैं।