लखीमपुर खीरी। जिले में शुक्रवार को पूरे कोरोनाकाल में सबसे अधिक 515 संक्रमित मिले, इसके साथ ही इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। इससे पहले एक दिन पहले ही बृहस्पतिवार को 246 पॉजिटिव मरीज मिले थे। इस तरह जनपद में सक्रिय संक्रमितों की संख्या 1312 हो गई है।
अब संक्रमित व्यक्तियों के साथ ही उनके परिवार के अन्य सदस्य भी पॉजिटिव होने लगे हैं। कोरोना संक्रमण ने सबसे ज्यादा तेजी से शहरी क्षेत्र में पैर पसारे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। होली के बाद कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने की शुरुआत हुई थी, लेकिन 12 अप्रैल 2021 तक संक्रमितों की संख्या औसतन 50 के आसपास रही। 13 अप्रैल 2021 से एकाएक कोरोना संक्रमण तेजी से फैला और 105 संक्रमित मिले। इसके बाद से कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या अब बेकाबू हालात की ओर बढ़ चली है।
14 अप्रैल को 150 कोरोना मरीज मिले थे, जिसके बाद 15 अप्रैल को 246 कोरोना मरीज मिले और अब 16 अप्रैल को कोरोना मरीजों की संख्या 500 के पार पहुंच गई है। कई संक्रमित व्यक्तियों के परिवारों के अन्य सदस्य भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। शहर के मोहल्ला राजाजीपुरम, शिव कॉलोनी, काशीनगर, पंजाबी कॉलोनी, आवास विकास कॉलोनी में कई परिवार कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।
इधर मितौली तहसील क्षेत्र के गांव ओसरी नानकार में 14 कोरोना मरीज मिले हैं, जिनमें कई मरीज एक ही परिवार के हैं। कोरोना मरीजों की दोगुनी रफ्तार से बढ़ती संख्या से जनपद में संक्रमितों के सक्रिय मामलों की संख्या एक हजार से ऊपर पहुंच गई है। आशंका यह भी है कि जांच बढ़ने के साथ ही संक्रमितों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है। संक्रमण की भयावह होती स्थिति से घबराकर जांच कराने के लिए अस्पतालों व कोविड जांच सेंटरों में लंबी कतारें लग रही हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को जागरूक करने के लिए प्रमुख स्थानों पर लाउडस्पीकर से सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
दो गज दूरी मास्क है जरूरी के साथ ही जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है।
परियोजना प्रबंधक संक्रमित, कामकाज ठप
विकास भवन के डीपीआरओ कार्यालय में कार्यरत जिला परियोजना प्रबंधक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिससे शुक्रवार को डीपीआरओ कार्यालय बंद कर दिया गया। इसके बाद कार्यालय को सैनिटाइज करने के साथ ही विकास भवन के अन्य कार्यालयों को भी सैनिटाइज किया गया। वहीं बिजुआ के इंडियन बैंक के कैशियर भी संक्रमित हो गए हैं, जिससे यहां भी लेनदेन बंद रहा।
कई मतदान कर्मी भी हुए संक्रमित
पंचायत चुनाव के लिए मतदान ड्यूटी में लगे कई कर्मचारी भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं, जिसमें बेसिक शिक्षा विभाग के कई शिक्षक भी शामिल हैं। सदर ब्लॉक के एक स्कूल में कार्यरत अनुदेशक कोरोना संक्रमित हुई हैं। बिजुआ ब्लॉक में एक महिला शिक्षिका समेत तीन शिक्षक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिन्होंने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है।
कोरोना संक्रमितों के नए केस मिलने की रफ्तार तेजी से बढ़ी है, जो काफी चिंताजनक है। सभी को सावधानी के साथ काम करना होगा। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए रात्रि कर्फ्यू लगाया जा चुका है। इसके अलावा रविवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी, जिसमें सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलेंगी। जरूरी कार्य से ही लोग बाहर निकलें, अन्यथा लोग घर पर ही रहें।
- शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम