लखीमपुर नकहा के गांव सरसवा में टीकाकरण का निरीक्षण करते सीडीओ अरविंद सिंह
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। सीडीओ अरविंद सिंह ने नकहा ब्लॉक क्षेत्र के गांव सरसवां में टीकाकरण केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जहां पर कई खामियां मिली हैं। निरीक्षण में चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गैरहाजिर मिलीं। वहीं स्कूल परिसर में जलभराव होने की शिकायत दूर न कराने की शिकायत मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। पंचायत सचिव और प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय सरसवां के निरीक्षण में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों में कुछ कमियां पाई गई हैं, जिसके लिए सीडीओ ने कमियों के ठीक होने तक पंचायत सचिव का वेतन रोकने के निर्देश डीपीआरओ को दिए हैं। इसके बाद गांव सरसवां में टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया तो यहां भी एएनएम द्वारा टीकाकरण के सापेक्ष वैक्सीन की मांग कम पाई गई। बीपी मशीन व ग्लूको मीटर खराब पाया गया, जिस पर सीडीओ ने दुरुस्त करने के निर्देश दिए। चार आंगनबाड़ी वर्कर जय देवी, शोभा, आशा देवी, मीरा देवी गैरहाजिर मिलीं। इन सभी के खिलाफ जिला कार्यक्रम अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद सीडीओ ने प्राथमिक विद्यालय टिप्पनपुरवा का निरीक्षण किया। यहां ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में बारिश के दौरान जलभराव होने की शिकायत की। ग्रामीणों ने प्रधान और प्रधानाध्यापक पर जलभराव की समस्या के निराकरण की अनदेखी करने का आरोप लगाया। इस पर सीडीओ ने पंचायत सचिव और प्रधानाध्यापक का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए और कहा कि जब तक समस्या का निस्तारण न हो जाए तब तक दोनों कर्मचारियों का वेतन आहरित न किया जाए। संवाद