लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को आई रिपोर्ट में रिकार्ड 125 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। खंभारखेड़ा चीनी मिल की पॉवर यूनिट में 25 कर्मी और डिस्टलरी यूनिट में छह कर्मी संक्रमित मिले हैं। जबकि लखीमपुर तहसील क्षेत्र के खीरी टाउन के मोहल्ला सैयदवाड़ा में एक संक्रमित की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हुई है। इससे अब तक कुल 15 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 24 घंटे में कुल 449 रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं, जिसमें 103 आरटी पीसीआर लैब से पॉजिटिव और 346 निगेटिव आई हैं। इसी के साथ 22 पॉजिटिव रिपोर्ट अन्य लैब से मिली हैं। सबसे ज्यादा 81 कोरोना संक्रमित तहसील लखीमपुर क्षेत्र में मिले हैं। मोहल्ला सिकटिया में छह, बरखेरवा में पांच, राजगढ़ में एक, थवरनगंज में एक, छाउछ में एक, इलायचीपुरवा में एक, सैदापुर सरैया में एक, सकरन में एक, भीखमपुर में एक, भटनागर कॉलोनी में दो, चौकी सुंदरवल का एक पुलिसकर्मी, गोटैयाबाग में दो, शिवकॉलोनी में एक, गोविंदपुरी राजगढ़ में एक, खंभारखेड़ा चीनी मिल आवासीय परिसर में 31, दीप्तिपुरवा में तीन, नईबस्ती में दो, द्वारिकापुरी में एक, पुलिस लाइन में दो, इमली चौराहा में एक, ईदगाह में दो, राजाजीपुरम में एक, बहादुरनगर में एक, स्वरूपनगर में एक, हाथीपुर में दो, अर्जुनपुरवा में दो, संकटा देवी में दो, बाजपेई कॉलोनी में एक, शास्त्रीनगर में एक, नौरंगाबाद में एक, चिमनी में एक, बुखारी टोला में एक संक्रमित मिला है। तहसील गोला गोकरणनाथ के हाफिजपुर में एक, इंदिरानगर कॉलोनी में एक, बांकेगंज में एक, बिंद्रा फार्म बांकेगंज में दो, कालेचरणपुर में एक, अन्नापुर में एक, मुडिय़ा पूजा में एक संक्रमित मिला है। तहसील धौरहरा के मोहल्ला शुक्ला वार्ड में नौ, गांव अभयपुर में एक, मुखलिसपुर में एक संक्रमित मिला हैै। तहसील मितौली के कस्ता में दो, खुर्दा में एक, थाना मितौली में एक पुलिसकर्मी संक्रमित मिला है। तहसील पलिया के गंगापुरवा नौगांवा में एक, टेहरा शहरी में दो, लोकनपुरवा में एक, किसान प्रथम में दो, सरकना पश्चिम में एक, पठान चतुर्थ में तीन, जगनपुरवा में एक, बाजार द्वितीय में एक, माहीगिरान में एक, कोरियाना में दो संक्रमित मिले हैं। तहसील मोहम्मदी के पूर्वी लखपेड़ा में तीन संक्रमित मिले हैं। डीएम ने बताया कि तीन संक्रमित व्यक्तियों की ट्रेसिंग चल रही है। इस प्रकार अब तक कुल 1224 पॉजिटिव केस मिले हैं, जिनमें उपचार के बाद 637 पॉजिटिव व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। वर्तमान में जनपद में कुल 572 एक्टिव पॉजिटिव केस हैं। वहीं अब तक 15 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
धौरहरा कस्बे के एक मोहल्ले में नौ लोग कोरोना संक्रमित
धौरहरा कस्बे के एक मोहल्ले शुक्ला वार्ड में एक साथ नौ लोगों की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आने से लोगों में हड़कंप है। सोमवार को आई रिपोर्ट में कुल 11 संक्रमित मिले हैं, जिसमें मुखलिसपुर और अभयपुर में एक-एक संक्रमित मिला है। तब्लीकी जमातियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद धौरहरा कस्बे में अब तक कोई कोरोना केस नहीं मिला था, लेकिन चार दिन पहले केजीएमयू लखनऊ में इलाज कराने गए कस्बे के शुक्ला वार्ड निवासी एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई थी। जबकि रविवार को कस्बे के निकट गांव लालापुर में छह और अन्य दो गांवों में भी एक-एक संक्रमित मिला था। सोमवार को आई रिपोर्ट ने कस्बे वालों को सकते में डाल दिया है। इस रिपोर्ट में सिर्फ शुक्ला वार्ड से नौ लोग संक्रमित निकले, जबकि एक संक्रमित दूसरे गांव निवासी है। एसडीएम एस सुधाकरन ने बताया कि सभी को इलाज के लिए भेजा जा रहा है। पूरा मोहल्ला शुक्ला वार्ड सील कर दिया गया है।
सुंदरवल में एक और सिपाही संक्रमित मिलने से खलबली
सुंदरवल पुलिस चौकी पर तैनात एक और सिपाही की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से चौकी पर तैनात अन्य पुलिस कर्मियों में खलबली मची है। 10 दिन दिन पहले ओयल चौकी से ट्रांसफर होकर सुंदरवल चौकी आए दीवान के संपर्क में आने से दूसरा सिपाही भी संक्रमित हो गया है। खांसी, जुखाम, बुखार जैसे लक्षण दिखने पर शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचकर सिपाही ने सैंपल जांच के लिए दिया था। सोमवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने से चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों में खलबली मच गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चौकी से संक्रमित सिपाही को इलाझ्ज कते लिए कोविड केयर सेंटर जगसड़ में भर्ती कराया है। चौकी प्रभारी दिनेश कुमार यादव ने बताया कि सिपाही की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक सप्ताह से सिपाही को एक अलग बैरिक में रहने के लिए कहा गया था। तब से वह किसी से भी नहीं मिला। चौकी के आफिस में भी उसे नहीं आने दिया गया था।
जिला अस्पताल में आज नहीं होगा सीटी स्कैन
जिला अस्पताल में मंगलवार को सीटी स्कैन नहीं होगा, क्योंकि वहां स्टाफ के दो लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। सीएमएस डॉ. आरसी अग्रवाल ने ऐहतियातन सीटी स्कैन कक्ष को बंद करा दिया है। उन्होंने बताया कि दो कर्मचारी पॉजिटिव मिलने के कारण मंगलवार को सीटी स्कैन नहीं होंगे। बुधवार से सीटी स्कैन की सुविधा सुचारू रूप से शुरू हो सकेगी।