पलियाकलां। सोमवार को एक दिन में ही 12 कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। नगर के अलावा गांवों में भी कोरोना संक्रमण फैलने लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की लिस्ट तैयार कर ली गई है। पांच संक्रमितों को होम क्वारंटीन किया गया है जबकि सात को कोविड अस्पताल भेजा जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सोमवार को आई रिपोर्ट के आधार पर 13 अगस्त को हुई जांचों में 12 कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इसमें मोहल्ला बाजार में एक, मोहल्ला पठान में तीन, माहीगिरान में एक, टेहरा शहरी हायडिल कॉलोनी के पास दो, किसान प्रथम में दो पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके अलावा मझगईं के गंगापुरवा, लोकनपुरवा और पलिया के सरखना गांव में भी एक-एक कोरोना संक्रमित मिला है। सीएचसी अधीक्षक डॉ एचएन वरुण, काउंसलर अंकित दीक्षित, फरहान किदवई आदि की टीम ने संक्रमितों के संपर्क में आए हुए 86 लोगों की लिस्ट तैयार की है, जिनकी जांच कराई जाएगी। फिलहाल सभी को होम क्वारंटीन रहने को कहा गया है। उधर, पॉजिटिव आए 12 में से सात लोगों को कोविड अस्पताल लखीमपुर के लिए भेजा जा रहा है बाकी पांच लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया गया।
पॉजिटिव निकलने के बाद भी नहीं बरती जा रही सतर्कता
कोरोना पॉजिटिव परिवार में निकलने के बाद भी उनके परिजन खुलेआम घूम रहे हैं और दुकानों पर बैठकर बिक्री कर रहे हैं। इतना ही नहीं इसके बाद वह खुद ही पॉजिटिव निकल रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोरोना के प्रति सतर्कता नहीं बरती जा रही है। बल्कि खुद का संक्रमण भी दूसरों को रेवड़ी की तरह बांटा जा रहा है। इसपर भी प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।
तहसील परिसर में तीन लोग मिले संक्रमित
मोहम्मदी तहसील परिसर में कंप्यूटर कक्ष में कार्यरत तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ जाने से हड़कंप मच गया। संक्रमित व्यक्तियों को होम क्वारंटीन कराया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि तहसीलदार और उनके पेशकार समेत दो लोग पहले से ही संक्रमित थे। जिन्हें होम आइसोलेट किया गया था। सोमवार को कराई गई 50 जांचों में कंप्यूटर कक्ष में कार्यरत तीन कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। जिसकी अब संक्रमितों की संख्या पांच पहुंच गई है। 100 मीटर क्षेत्र फल को पहले से ही कंटेन्मेंट जोन बनाया गया था। अब संक्रमितों की संख्या बढ़ने से उसका दायरा बढ़ाया जाएगा।
बिजुआ में पहली बार पांच कोरोना पॉजिटिव मिले
बिजुआ ब्लॉक क्षेत्र में पहली बार एक साथ पांच कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिनमें तीन लोग कोरियाना, एक जगनपुरवा गांव से है, वहीं एक मिलकर्मी रैपिड टेस्ट में पॉजिटिव मिला है।
बिजुआ ब्लॉक में सबसे पहले कोरियाना गांव में एक मजदूर पॉजिटिव मिला था, अब इसी गांव से तीन और पॉजिटिव मिले हैं। जिनमें से दो महिलाएं हैं। गोला तहसील का कोरियाना गांव इस समय बाढ़ के पानी में घिरा है, वहां पहुंचना आसान नहीं है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को गांव पहुंचकर संक्रमित तक पहुंचना और उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन कराना आसान नहीं होगा। वहीं चीनी मिल से एक इंजीनियर कई दिनों से बीमार चल रहा था, सोमवार को वह बिजुआ सीएचसी दवा लेने पहुंचा था, लेकिन वहां रैपिड टेस्ट में पॉजिटिव मिलने पर सीएचसी पर ही रोक लिया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि मिल कर्मचारी को कोविड अस्पताल भेजा जा रहा है, वहीं कॉलोनी में उस ब्लॉक को बांस लगाकर बंद किया गया है। साथ ही मिल कर्मचारी के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची बनाकर उनकी टेस्टिंग की जाएगी।