पलियाकलां। पलिया तहसील इलाके में सात कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद हड़कंप है। छह मोहल्लों को कंटेन्मेंट जोन बना दिया है। पलिया शहर में चार, संपूर्णानगर के सुमेरनगर में दो और मझगईं के गंगापुरवा में एक पॉजिटिव मिला है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को कोविड अस्पताल भेजा है और परिजन को होम क्वारंटीन किया गया है। जिनकी भी जांच की जाएगी।
मंगलवार को रिपोर्ट आने के बाद पलिया के मोहल्ला बाजार प्रथम में दो, रंगरेजान द्वितीय में एक और इंद्रानगर में एक पॉजिटिव केस मिला है, जबकि सोमवार को आई रिपोर्ट में एक संक्रमित मिला था। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया और मोहल्लों में जाकर बैरिकेडिंग कराकर कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों के घरों को जाने वाले रास्ते को बंद करा दिया गया है। अधीक्षक डॉ एचएन वरुण, काउंसलर अंकित दीक्षित के साथ ही थाना प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह ने दलबल के साथ मोहल्लों में जाकर लोगों को घरों में रहने की सलाह दी। साथ ही कोरोना पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित किया गया। जिनको भी जांच के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल सभी पॉजिटिव लोगों को कोविड अस्पताल के लिए एंबुलेंस से भेजा गया है।
संपूर्णानगर। इलाके के सुमेरनगर गांव में कुछ माह पूर्व बाहर से आए एक युवक व युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। युवक दो-तीन माह पूर्व चेन्नई से आया था तथा उसके गले में खराश होने के चलते जांच कराई थी। जबकि युवती पुणे से चार माह पूर्व आई थी और उसे वापस पुणे जाना था जिसपर उसकी जांच हुई जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद पहुंचे सीएचसी अधीक्षक व थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह ने दोनों को एंबुलेंस से कोविड अस्पताल के लिए भेजा। आसपास का इलाका सील कर दिया गया है। साथ ही लोगों से घरों के बाहर बेवजह न निकलने की अपील की है।
मझगईं। इलाके के गंगापुरवा गांव निवासी एक युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। युवक संक्रमित युवक के संपर्क में आया था। पलिया थाना प्रभारी भानू प्रताप सिंह दलबल के साथ गांव पहुंचे और बैरिकेडिंग लगाकर युवक के घर को जाने वाले रास्ते को बंद कराया। साथ ही युवक को एंबुलेंस से कोविड अस्पताल भेजा है। युवक के परिजन को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। दो पुलिसकर्मियों को वहां पर तैनात कर दिया गया है।