निघासन। थाना क्षेत्र में दो सगी बहनों से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस की जांच में मामला प्रेम प्रसंग का निकला है। पुलिस का दावा है कि 17 वर्षीय किशोरी के आरोपी युवक से प्रेम संबंध थे। छोटी बहन ने अपने साथ किसी अनहोनी से साफ इनकार कर दिया है। पुलिस की जांच जारी है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने 19 जुलाई को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 17 वर्षीय बहन अपनी छोटी बहन के साथ 14 जुलाई को सिलाई का सामान लेने बाजार जा रही थी। रास्ते में पड़ोसी गांव निवासी युवक ने दोनों बहनों को बहला फुसला लिया और बाजार छोड़ने के बहाने अगवा कर जंगल में ले गया, जहां अपने तीन अन्य साथियों के साथ दोनों से सामूहिक दरिंदगी की। सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आते ही पुलिस के हाथपांव फूल गए। भाई ने पुलिस पर तहरीर बदलवाकर रिपोर्ट दर्ज कराने का आरोप भी लगाया। मामला एसपी पूनम के संज्ञान में पहुंचा तो उनके निर्देश पर सीओ प्रदीप कुमार वर्मा ने घटना की गहराई से जांच की। जिससे पूरे मामले में नया मोड़ आ गया। पुलिस की जांच में मामला प्रेम प्रसंग का निकला है। पुलिस का दावा है कि 17 वर्षीय किशोरी और आरोपी युवक के बीच प्रेम संबंध थे। किशोरी अपनी छोटी बहन को लेकर गई थी। पुलिस की जांच में यह बात भी साफ हो गई कि छोटी बहन से कोई अनहोनी नहीं हुई। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि दोनों बहनों की पहले कोरोना की जांच कराई गई है। उसके बाद 17 वर्षीय किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
सीओ निघासन से प्रकरण की जांच कराई गई थी। जांच में यह बात साफ हो गई है 17 वर्षीय किशोरी से युवक के प्रेम संबंध थे। छोटी बहन ने खुद के साथ किसी अनहोनी से इंकार किया है। पूरे मामले की जांच जारी है।
- पूनम, एसपी