लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने का सिलसिला फिर से तेज होने लगा है। मंगलवार को आई 419 रिपोर्ट में छह कोरोना पॉजिटिव और 413 मामले निगेटिव मिले। सभी छह कोरोना पॉजिटिव पलिया क्षेत्र के निवासी हैं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप है। इससे पहले सोमवार को 24 कोरोना पॉजिटिव केस मिले थे। इस प्रकार जनपद में एक्टिव कोरोना पॉजिटिव की संख्या 72 हो गई है।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पहली पॉजिटिव महिला पलिया के मोहल्ला इंदिरा कॉलोनी निवासी हैै। महिला को बुखार और श्वांस लेने में दिक्कत की शिकायत होने पर जांच कराई गई थी। दूसरा पॉजिटिव बालक है, जो पलिया के पीपल चौराहा निकट राम मंदिर का निवासी है। तीसरी पॉजिटिव बालिका है, जो पलिया के सुमेरनगर कॉलोनी की निवासी है। वह पुणे जाना चाहती थी, जिससे उसका कोरोना टेस्ट कराया गया था। चौथा पॉजिटिव व्यक्ति पलिया के सुमेरनगर कॉलोनी का निवासी है। पांचवा पॉजिटिव व्यक्ति तहसील पलिया के निकट नई टंकी का निवासी हैै, जो हाल में मथुरा वृंदावन से वापस आया है। छठा पॉजिटिव व्यक्ति भी पलिया के मोहल्ला बाजार एक का निवासी हैै। सभी कोरोना पॉजिटिव अभी होम क्वारंटीन हैं, जिन्हें कोविड केयर सेंटर भेजा जाएगा। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अब तक जनपद में कुल 221 कोरोना पॉजिटिव केस मिल चुके हैं, जिनमें उपचार के बाद 149 लोग स्वस्थ्य होने के बाद डिस्चार्ज किए गए हैं। वर्तमान में कुल 72 कारोना पॉजिटिव केस एक्टिव हैं।
एआरटीओ कार्यालय के सभी कर्मियों की रिपोर्ट निगेटिव
कोरोना संक्रमितों के मामले कलक्ट्रेट और सीएमओ दफ्तर में मिलने के बाद अन्य विभागों के दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारी और अधिकारी सकते हैं। लिहाजा जनता से जुड़ाव वाले दफ्तरों के कर्मचारियों और अधिकारियों ने एहतियातन कोरोना टेस्ट कराना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में एआरटीओ कार्यालय के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों का कोरोना टेस्ट कराया गया हैै, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। एआरटीओ प्रशासन बीके सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कार्यालय के करीब 50 कर्मचारियों/अधिकारियों का टेस्ट कराया गया था, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं।
कोरोना संक्रमित मिलने के बाद सेंडा में की गई बैरिकेडिंग
पसगवां।विकास खंड के ग्राम सेंडा में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हल्का प्रभारी राजेंद्र कुमार यादव ने संक्रमित एरिया के मार्गों पर बैरिकेडिंग कराई। उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 1093 लोगों की डोर टू डोर स्क्रीनिंग कराई। सीएचसी अधीक्षक डॉ अश्विनी कुमार वर्मा ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए 12 लोगों की सैंपलिंग की गई। उधर, बरवर स्थित पीएचसी पर कैंप लगाकर 31 संदिग्धों की सैंपलिंग की गई। जानकारी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार वर्मा ने दी।