लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। शनिवार को 10 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं, जो शहर के मोहल्ला ईदगाह के निवासी हैं। शहर के ही दूसरे मोहल्ला पटेलनगर में भी एक परिवार के तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा लखनऊ में इलाज कराने गया मोहल्ला प्रकाशनगर निवासी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है तो व्यक्ति गोला में संक्रमित मिला है। जनपद में संक्रमितों की संख्या 151 हो गई है, जिसमें 115 लोगों के ठीक होने से एक्टिव मामले 36 रह गए हैं।
मोहल्ला ईदगाह में रहने वाले परिवार की महिला लखनऊ में कोरोना संक्रमित हुई थी, जिसकी जांच में पुष्टि होने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों की जांच कराई गई। शनिवार को पांचों सदस्यों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। पांचों कोरोना संक्रमितों को एंबुलेंस से कोविड केयर सेंटर जगसड़ भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ले में लोगों की स्क्रीनिंग की और नगर पालिका के कर्मचारियों ने सैनिटाइज किया। वहीं पटेलनगर में भी एक महिला संक्रमित मिली थी, जिसके बाद उसके परिवार के तीन सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन्हें भी एंबुलेंस से कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अब तक कुल 151 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैैं, जिसमें से 115 लोग इलाज के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। वर्तमान में कुल 36 एक्टिव कोरोना पॉजिटिव केस हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। शनिवार को जिन 407 लोगों की रिपोर्ट आई उनमें आठ लोग संक्रमित निकले।
दोनों मोहल्ले कंटेन्मेंट जोन बने, बैरिकेडिंग कराई
मोहल्ला ईदगाह में पांच और पटेलनगर में तीन कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने दोनों मोहल्लों को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया है। पुलिस ने बैरिकेडिंग करके प्रमुख मार्गों पर आवागमन रोक दिया है।
जनपद में कोरोना के मामले बढ़े हैैं, क्योंकि प्रवासियों के बाद अब उनके परिवार के कई सदस्य कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं। इससे सभी को सतर्क होने की जरूरत है, क्योंकि यह संक्रमण सामुदायिक स्तर पर पनपने लगा है। अभी कुछ परिवार ही संक्रमित मिले हैं, लेकिन जैसे-जैसे रिपोर्ट आएंगी, वैसे ही संख्या बढ़ने की संभावना है। इसलिए सभी को लॉकडाउन के नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम
पांच दिन में 23 लोग मिले कोरोना पॉजिटिव
लखीमपुर खीरी जिले में जिस तरह से कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है, वह बेहद चिंताजनक है। इसका कारण लोगों द्वारा जिला प्रशासन की ढील का दुरुपयोग करना है। पिछले पांच दिन में जिले के 23 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें संक्रमित मिल चुके लोगों के घरवाले भी शामिल है। ऐसे में घर से मोहल्ला और फिर शहर में संक्रमण फैलने का खतरा मंडराने लगा है। बारिश से इसकी रफ्तार बढ़ने की संभावना से है। इसलिए जरूरी है कि कोरोना से बचने के लिए सभी लोग सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए मास्क लगाएं। ऐसा करके ही संक्रमण से बच सकते हैं।
......
तारीख जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिले
सात जुलाई 248 तीन
लाई 218 तीन
नौ जुलाई 288 एक
10 जुलाई 406 छह
11 जुलाई 407 दस