गोला गोकर्णनाथ। केडिया फार्म के भूड़ वार्ड प्रथम निवासी व्यक्ति नगर के ही एक व्यवसाई की लखनऊ स्थित फर्म में ड्राइवर है, जो अपनी पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री सहित लखनऊ के मोहल्ला नरई में रहता है। परिवार वालों ने बताया कि एक सप्ताह पहले तबीयत खराब हुई और उसका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में कराया गया। तबीयत ठीक न होने पर एहतियातन नौ जुलाई को कोरोना की जांच कराने के बाद अपनी पत्नी के साथ रोडवेज बस से 10 जुलाई की रात आठ बजे गोला स्थित अपने घर आ गया। 11 जुलाई की सुबह नौ बजे जब उसके पुत्र ने भतीजे के व्हाट्सएप पर रिपोर्ट भेजी तो नगर स्थित एक निजी चिकित्सक को दिखाने के बाद उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। परिवार वालों ने इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार विपिन कुमार द्विवेदी, कोरोना कॉविड 19 टीम प्रभारी डॉ गणेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार यादव ने मौके पर जाकर संक्रमित व्यक्ति के घर और मोहल्ले की सैनिटाइज कराया। गली मोहल्ले को सील कर दिया गया। मेडिकल टीम ने मोहल्ले वासियों की हाउसहोल्ड थर्मल स्क्रीनिंग एवं जांच शुरू कर दी है।
पत्नी, ससुर और व्यवसाई को जांच के लिए भेजा
संक्रमित व्यक्ति को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराने के साथ संपर्क में आई पत्नी, ससुर और व्यवसाई को जांच के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है साथ ही उन्हें होम क्वारंटीन रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं संक्रमित व्यक्ति के दो पुत्रों और पुत्रियों को भी होम क्वारंटीन का निर्देश दिया गया है।
मोहल्ले के 300 घरों की हाउसहोल्ड थर्मल स्क्रीनिंग एवं जांच करने के लिए टीम को लगाया गया है। संक्रमित व्यक्ति को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर उसके संपर्क में आने वाली पत्नी समेत तीन लोगों को जांच के लिए भेजा गया है। और परिवार वालों को होम क्वारंटाइन रहने के लिए निर्देशित किया गया है।
-डॉ गणेश कुमार, प्रभारी कोरोना कोविड-19 टीम
मोहल्ले को सैनिटाइज कराया जा रहा है। संक्रमित व्यक्ति के घर से निर्धारित क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर गली मोहल्ले को सील कर दिया गया है। कंटेन्मेंट जोन में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के अतिरिक्त अनावश्यक आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा।
-विपिन कुमार द्विवेदी, तहसीलदार गोला गोकर्णनाथ