लखीमपुर खीरी। जिले में शुक्रवार रात 406 लोगों की आई जांच रिपोर्ट में एक्सिस बैंक कर्मी सहित छह लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक शहर के मोहल्ला राजगढ़ और पांच लोग पलियाकलां निवासी हैं। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहीं चार लोगों की खोज की जा रही है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 141 पॉजिटिव केस हैं, जिसमें 115 व्यक्ति स्वस्थ होकर घर भेज दिए गए हैं, अब 26 एक्टिव पॉजिटिव केस रह गए हैं।
शहर के मोहल्ला राजगढ़ निवासी एक्सिस बैंक के कर्मचारी सहित 406 लोगों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए थे। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में 400 लोग निगेटिव मिले, वहीं बैंककर्मी सहित पलिया के पांच लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। जानकारी होते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बैंक कर्मी सहित पलियाकलां के कोरियाना गांव निवासी एक युवक को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पलियाकलां के अन्य चार लोग किस मोहल्ले के निवासी है उसकी खोजबीन की जा रही है। डीएम ने बताया कि संबंधित मोहल्लों को कंटेन्मेंट जोन घोषित किया जा रहा है। परिवार और मोहल्ले के लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाएगी।
एक व्यक्ति स्वस्थ होकर घर गया
लखीमपुर खीरी डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कोविड केयर सेंटर,जगसड़ नकहा में भर्ती एक व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वस्थ होने पर शुक्रवार देर शाम घर भेज दिया गया।
मोबाइल वैन से पहुंची टीम ने लिए थे सैंपल
पलियाकलां शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को जिले से कोरोना टेस्ट के लिए मोबाइल वैन आई थी। जिसमें इलाके के कई लोगों ने अपनी जांच कराई थी। इसमें कोरियाना गांव निवासी एक युवक कोरोना पॉजिटिव आया है। वहीं नगर के अन्य चार कोरोना पॉजिटिव के पते खोजे जा रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ.एचएन वरुण ने बताया कि कोरियाना गांव में एक कोरोना पॉजिटिव मिला है। जिसपर यहां कंटेटमेंट जोन बना दिया गया है। जिला कोविड सेंटर भेजकर उसके संपर्क में आए 18 लोगों की जांच कराई जाएगी।
कोरोना पॉजिटिव मिली बालिका ने सैंपल से किया इंकार
संपूर्णानगर रानीनगर गांव में एक बालिका की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव मिलने पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ डॉ उदयभान मौर्य उस समय सकते में आ गए, जब बालिका और उसके परिजन ने कहा कि उसका सैंपल नहीं लिया गया तो रिपोर्ट कैसे आ गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ एचएन वरुण ने बताया कि मामले में बालिका का दोबारा से कोरोना टेस्ट कराया जाएगा।