लखीमपुर खीरी। परिषदीय और राजकीय विद्यालयों में पंजीकृत कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को निशुल्क यूनिफॉर्म वितरण के लिए शासन ने बजट जारी कर दिया है। प्रत्येक विद्यार्थी को दो-दो सेट यूनिफॉर्म दी जाएगी, जिसके लिए कुल धनराशि 2955.126 लाख के सापेक्ष 2216.34450 रुपये (75 प्रतिशत) बेसिक शिक्षा विभाग को मिले हैं। राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद ने 25 अगस्त 2020 तक यूनिफॉर्म का वितरण कराकर उपभोग प्रमाण पत्र राज्य परियोजना कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
जनपद के परिषदीय और राजकीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के कुल पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या 4,92,521 है, जिसमें 2,57,890 बालिकाएं हैं। बीएसए बुद्धप्रिय सिंह ने बताया कि समस्त बालिकाओं (केजीबीवी बालिकाओं सहित), अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के बालकों और बीपीएल परिवार के बालकों को निशुल्क यूनिफॉर्म का वितरण किया जाना है। उन्होंने बताया कि अभी बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ बुलाकर निशुल्क किताबें बांटी जा रही हैं। यूनिफॉर्म के लिए 75 प्रतिशत धनराशि मिली है, जिससे शीघ्र ही यूनिफॉर्म बांटने के लिए धनराशि विद्यालयों के एसएमसी खातों में भेजी जाएगी।