लखीमपुर खीरी। शहर से सटी ग्राम पंचायत सलेमपुर कोन की अमर विहार कॉलोनी में एक महिला के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद उसकी पुत्री भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इससे कॉलोनी में रहने वाले परिवारों में दहशत है। रविवार को पहले से कंटेन्मेंट जोन घोषित अमर विहार कॉलोनी में सीएचसी फरधान से डॉक्टरों की अगुवाई में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पहुंची। सबसे पहले बालिका को एंबुलेंस से कोविड केयर सेंटर जगसड़ भेजा गया। जबकि बालिका के संपर्क में आए उसके परिजनों को सैंपल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
शनिवार की रात को आई 402 लोगों की रिपोर्ट में तीन बच्चों समेत नौ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इनमें एक कोरोना पॉजिटिव बालिका शहर से सटे सलेमपुर कोन के मोहल्ला अमर विहार कॉलोनी में होम क्वारंटीन थी। जबकि शेष आठ केस मोहम्मदी के मोहल्ला सरैंया में मिले हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक अमर विहार कॉलोनी और मोहम्मदी के मोहल्ला सरैया में पहले ही कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से इन्हें कंटेन्मेंट जोन घोषित करके सील किया जा चुका है। अमर विहार कॉलोनी में महिला के परिवार के 10 सदस्यों की कोरोना जांच कराई गई थी, जिसमें बालिका कोरोना पॉजिटिव निकली है। जबकि नौ सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सीएचसी फरधान के अधीक्षक डॉ. अमित वाजपेयी ने बताया कि सभी 10 लोगों को डाइट में बने क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। बालिका को कोविड केयर सेंटर जगसड़ भेजा गया है। जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को होम क्वारंटीन किया गया है।
एक ही मोहल्ले में आठ कोरोना पॉजिटिव मिलने से दहशत
मोहम्मदी नगर के मोहल्ला बाजार खुर्द और मोहल्ला सरैयां में 16 जून से 26 जून तक चार कोरोना पॉजिटिव मिले थे, जिसमें तीन एक ही मोहल्ले सरैयां के थे। दोनों ही मोहल्लों को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर बैरिकेडिंग लगा कर पुलिस ड्यूटी लगाई थी। तीन जून को बाजार खुर्द मोहल्ले को कोरोना पेसेंट की रिपोर्ट निगेटिव आने से उसे कंटेन्मेंट जोन समाप्त घोषित कर दिया था, तब लोगों ने राहत की सांस ली थी। दो दिन बाद एक साथ आठ केस मिलने से मोहल्ले में हड़कंप है।
मोहल्ला सरैयां में तीन-तीन कोरोना पॉजिटिव निकलने पर भी लोगों ने प्रशासन की सर्तकता के बाद भी न मास्क का ही प्रयोग और न सामाजिक दूरी का ही पालन किया। जिसका परिणाम यह हुआ कि चार जून को आई रिपोर्ट में मोहल्ला सरैयां के आठ केस पॉजिटिव निकल आए। इससे शासन के हाथ पैर फूल गए हैं। तहसीलदार विकास धर दुबे ने बताया कि एक ही परिवार के चार सदस्य, जिसमें एक बालक एक बालिका और दो महिलाएं कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दूसरे मकान से एक महिला व एक पुरूष, तीसरे मकान से दो महिलाएं कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। सभी आठों संक्रमित आपस में रिश्तेदार हैं और होम क्वांरटीन थे। इन सभी की पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर कोविड केयर सेंटर जगसड़ नकहा भेजा गया है। मोहल्ला सरैयां बीस दिनों से कंटेन्मेंट जोन घोषित है, लेकिन पांच सौ वर्ग मीटर की बैरिकेडिंग इस मोहल्ले वालों पर कोई असर नहीं डाल रही है। लोग खुले आम घूम रहे हैं। अपने- अपने प्रतिष्ठान खोल रहे हैं। सामाजिक दूरी का उल्लंघन करते हुए सरेआम एक दूसरे से मिल रहे हैं और मास्क का प्रयोग भी नहीं कर रहे हैं।
50 पुलिस कर्मियों का लिया गया सैंपल
नगर में स्थित सभी हेयर कटिंग की दुकानें मोहल्ला सरैयां के लोग चलाते हैं, जिनके परिवारों में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इतने मरीज मिलने के बाद भी इस मोहल्ले में प्रशासन की सख्ती नाकाफी है। हेयर कटिंग की दुकानों पर मास्क, फेस कवर, सेैनिटाइजर गल्ब्स का प्रयोग भी नहीं किया जा रहा है। यह भी पता चला है कि कोरोना पॉजिटिव निकले मरीज की हेयर कटिंग की दुकान कोतवाली गेट के ठीक सामने है। जिस पर अधिकांश पुलिसकर्मी हेयर कटिंग कराते थे। इंस्पेक्टर संजय त्यागी के मुताबिक एहतिहात के तौर प र 50 पुलिसकर्मियों का सैंपल टेस्ट कराया है।
एक संदिग्ध महिला हुई गायब
सीएससी अधीक्षक डॉ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इसी मोहल्ले की एक और महिला भी संदिग्ध पाई गई है, जिसका मोबाइल स्वीच आफ है। मेडिकल टीम और पुलिस टीम मिलकर उस महिला की खोज बीन कर रही है। शेष सभी आठों कोरोना पॉजिटिव को कोविड अस्पताल नकहा भेज दिया गया है।