लखीमपुर खीरी। पौधारोपण अभियान के तहत रविवार को जनपद में पौधारोपण की शुरुआत मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम ने पुलिस लाइंस में पौधे लगाकर की। इस दौरान डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी पूनम ने भी पौधे लगाए। इसके बाद मंडलायुक्त ने आईटीआई राजापुर और शारदा नहर के किनारे गांव झमपुरवा में पौधे लगाए। इसके बाद मंडलायुक्त गांव मोहम्मदाबाद पहुंचे, जहां भी उन्होंने पौधरोपण करने के बाद कोरोना सर्विसेस अभियान के तहत डोर टू डोर सर्वे कर रही टीमों से जानकारी ली। मंडलायुक्त ने कहा कि स्वस्थ्य जीवन के लिए 33 प्रतिशत वृक्षों का आच्छादन होना जरूरी है, लेकिन उत्तर प्रदेश में तराई और विंध्याचल के जनपदों को मिलाकर सिर्फ 7.50 प्रतिशत ही वृक्षों का आच्छादन है। डीएम ने बताया कि पूरे जनपद में एक साथ रविवार को लक्ष्य 66,81,970 के सापेक्ष 67 लाख 14 हजार 622 पौधरोपण हुआ, जिसके लिए नर्सरियों से पौधे पहले ही उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
रविवार को सुबह सात बजे से पौधारोपण अभियान प्रारंभ हुआ, जिसके बाद शाम पांच बजे तक वन विभाग समेत अन्य सभी विभागों ने मिलकर लक्ष्य से अधिक 67 लाख 14 हजार 622 पौधों का रोपण कराया है। खीरी सांसद अजय मिश्रा टेनी ने भी पौधरोपण कर लोगों से भागीदारी की अपील की। भगवानदीन आर्यकन्या इंटर कॉलेज के प्रांगण में प्रधानाचार्य डॉ. ज्योति तिवारी के निर्देशन में इमली, जामुन, बेल, सहजन आदि का पौधरोपण किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर डॉ. राममनोहर लोहिया विश्वविद्यालय अयोध्या के कुलपति डॉ मनोज दीक्षित, डीएस कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य यज्ञदत्त मिश्रा, क्षमा टंडन, आरती दीक्षित, सुमन वर्मा आदि उपस्थित रहे।