लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला संकटा देवी में होम क्वारंटीन प्रवासी श्रमिक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के दूसरे दिन रविवार को डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने मोहल्ले का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को 250 मीटर परिधि में आने वाले सभी घरों का सर्वे कर संदिग्धों की स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने मोहल्ले की गली में बैरिकेडिंग करके आवागमन बंद कर दिया है। पांच स्वास्थ्य टीमें घरों में जाकर सर्वे करने में जुटी हैं।
मोहल्ला संकटा देवी में होम क्वारंटीन प्रवासी व्यक्ति मेरठ से लौटा था, जिसके कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट शनिवार को आई थी। इसके बाद डीएम ने मोहल्ले को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया था। रविवार को सुबह मोहल्ले में स्वास्थ्य टीमें और पुलिस बल पहुंच गया। कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आने वाले परिवार के सभी सदस्यों के सैंपल लिए गए। जबकि मोहल्ले के अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए सर्वे कराया जा रहा है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 250 मीटर परिधि में पांच स्वास्थ्य टीमें लगाई गईं हैं। घरों का सर्वे करने के साथ ही संदिग्धों की स्क्रीनिंग की जा रही है। लक्षण मिलने पर सैंपल की जांच कराई जाएगी।
ओयल। नगर पंचायत क्षेत्र के मोहल्ला बगिया में शनिवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए प्रवासी श्रमिक को कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने रविवार को मोहल्ले में व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना संक्रमित व्यक्ति के परिवार के सदस्यों को सैंपल जांच के लिए भेजा। प्रभारी डॉ. रवि अवस्थी बताया कि परिवार के सदस्यों की सैंपल जांच कराई जा रही है। मोहल्ले के कई रास्तों को लॉक कर दिया गया है। निगरानी की जिम्मेदारी पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है।
पलिया के मोहल्ला माहीगिरान प्रथम में महिला निकली कोरोना पॉजिटिव, गली सील
दिल्ली में अपने पुत्र के साथ गई मोहल्ला माहीगिरान प्रथम की 60 वर्षीय महिला चार दिन पहले लौटी थी, जो जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। इसकी सूचना मिलने पर सीएचसी से स्वास्थ्य टीम मोहल्ले में पहुंची और जानकारी हासिल की। पुलिस ने महिला के घर को जाने वाली गली के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया है। मोहल्ले वालों को भी अपने घरों में रहने की नसीहत दी है।
मोहल्ला माहीगिरान प्रथम निवासी एक 60 वर्षीय महिला अपने पुत्र के साथ दिल्ली गई थी। वहां उसका पुत्र काम करता है। वहां से चार दिन पूर्व वह पलिया आई थी। यहां आने से पहले उसकी लखीमपुर में जांच हुई। जांच के बाद उसको होम क्वारंटीन के लिए घर भेज दिया गया। रविवार को महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई। इसके बाद अधीक्षक डॉ एचएन वरुण ने स्वास्थ्य टीम के साथ मोहल्ले में पहुंचकर पड़ताल की। आसपास पूछताछ में पता चला कि जब से महिला आई है तब से वह बाहर नहीं निकली है। उधर सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन के बाद बैरिकेडिंग लगाकर महिला के घर को जाने वाली गली को दोनों तरफ से बंद करा दिया। प्रभारी निरीक्षक ने गली में रहने वाले लोगों से घरों में ही रहने की अपील की है और गली के पास पुलिस की तैनाती कर दी है। महिला को एंबुलेंस से कोविड केयर सेंटर भेजा गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ एचएन वरुण, कांउसलर अंकित दीक्षित व स्वास्थ्य टीम ने मोहल्ला माहीगिरान प्रथम में कोरोना पॉजिटिव मिली महिला के घर के आसपास का सर्वे किया। इसमें उनके संपर्क में या उनसे मिलने वालों को खंगाला गया।
पॉजिटिव महिला समेत 12 को भेजा लखीमपुर
संक्रमित महिला को अलग एंबुलेंस से भेजने के साथ ही उसके पुत्र, बहू, पड़ोसियों समेत लगभग 12 लोगों को चिह्नित किया है, जो महिला के संपर्क में आए हैं। सभी को कोरोना टेस्ट के लिए लखीमपुर भेजा गया है।
अतरिया बाजार किया गया सील
धनगढ़ी-नेपाल कैलाली जिले की धनगढ़ी में कोरोना पॉजिटिव बस मालिक की मौत के बाद उसकी पत्नी और दो पुत्रों की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर गोदावरी नगर पालिका के तहत अतरिया बाजार को भी सील कर दिया गया, जिससे बाजार बंद हो गया है।
स्वास्थ्यकर्मी महिला निकली कोरोना पॉजीटिव
धनगढ़ी-नेपाल कैलाली जिले में एक महिला स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव निकली है। यह महिला कैलाली जिले के पथरेया गांव में स्थित स्वास्थ्य चौकी में कार्यरत थी। इससे अब जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 236 पहुंच गई है। कैलाली डीएम यज्ञराज बोहरा ने बताया कि जिले में केस बढ़ने से स्थिति नाजुक हो गई है, जिससे जिले में दोबारा से लॉकडाउन लगाए जाने पर विचार हो रहा है।