गोला गोकर्णनाथ। मैलानी थाना क्षेत्र के गांव निवासी वर्तमान में नगर में रह रहे परिवार का युवक बरेली में कोरोना पॉजिटिव पाया गया, जिसकी सूचना यहां आने पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मोहल्ले से लेकर गांव तक अधिकारियों की टीम दौड़ी, नतीजा सिफर निकला। लोगों ने बताया कि होली पर युवक आया था, जो कुछ दिन रुककर वापस चला गया। तबसे नहीं आया है।
मैलानी थाना क्षेत्र के गांव सौंखिया और वर्तमान में नगर के मोहल्ला पश्चिमी दीक्षिताना में रह रहे परिवार का युवक बरेली के निजी अस्पताल में वार्ड ब्वॉय है। अस्पताल के सभी कर्मचारियों की जब जांच की गई तब युवक की भी जांच हुई। उस अस्पताल के दो कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए। बरेली प्रशासन ने इसकी सूचना लखीमपुर जिले में भेजी।
जिले के अधिकारियों के निर्देश पर एसडीएम अखिलेश यादव, सीओ आरके वर्मा, मैलानी थानाध्यक्ष अशोक कुमार यादव, संसारपुर चौकी इंचार्ज सतीशचंद यादव, बांकेगंज सीएचसी प्रभारी केके रंजन आदि अधिकारी नगर से गांव तक दौड़े। गांव के लोगों और युवक के पिता ने बताया कि युवक होली में आया था। छुट्टी समाप्त होने पर होली के बाद फौरन बरेली चला गया, जो अपने स्टाफ के साथ बरेली में ही क्वारंटीन है। उसका यहां से कोई वास्ता नहीं है। तब अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
बरेली में कोरोना पॉजिटिव मिले युवक का गोला से कोई संबंध नहीं है। वह लॉकडाउन से पहले ही बरेली चला गया था, जहां क्वारंटीन है। यहां के लोगों को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
अखिलेश यादव एसडीएम गोला।