लखीमपुर खीरी। शहर की एक किशोरी ने अपनी सहेली के नाम का फर्जी फेसबुक पर अकाउंट बनाया, जिसमें उसी की फोटो भी लगाई। फिर इसी अकाउंट से अश्लील मेसेज करने लगी। इसकी जानकारी जब किशोरी को हुई तो उसके होश उड़ गए। पीड़िता ने सहेली के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर निवासी एक किशोरी ने बताया कि शहर के मोहल्ला शहपुरा कोठी निवासी हमउम्र की सहेली है। सहेली ने मेरे नाम से एक फेसबुक आईडी लगाई और मेरी ही प्रोफाइल में फोटो अपलोड की। फर्जी बनाई गई इस आईडी से अब अश्लील मेसेज भेज रही है। सहेलियों ने इसकी जानकारी दी। सहेली के इस कारनामे से उसकी और परिवार की समाज में काफी बदनामी हो रही है। पीड़ित किशोरी अपने परिवार वालों के साथ शनिवार को सदर कोतवाली पहुंची और प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्र को तहरीर देकर पूरी बात बताई। प्रभारी निरीक्षक सदर ने बताया कि किशोरी अपने परिवार वालों के साथ कोतवाली आई थी। उसने अपनी सहेली के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप गंभीर हैं, इसलिए पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।