सिकंद्राबाद में अपने खेत में मचान बनाकर क्वारंटीन श्रवण कुमार। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
सिकंद्राबाद। कस्बा निवासी श्रवण मुंबई में काम करता था, जहां से 15 मई को लौट आया। स्क्रीनिंग होम में मेडिकल जांच के बाद उसे 21 दिन होम क्वारंटीन का आदेश दिया गया। इसके बाद वह घर पहुंचा तो दो कमरों के घर में परिवार के लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचाने की फिक्र उसे सताने लगी। लिहाजा श्रवण ने घर के बजाय अपने खेत में ही मचान बनाकर खुद को क्वारंटीन करने का निर्णय किया।
श्रवण कुमार ने बताया कि घर में दो कमरे हैं, जिसमें मां-बाप, दो भाई, एक बहन और पत्नी-बेटा रहते हैं। ऐसे हालात में घर में रहना खतरे से खाली नहीं लगा, क्योंकि उसे डर है कि यदि उसमें संक्रमण के लक्षण हुए तो परिवार के अन्य सदस्य भी प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए उसने खुद को खेत में मचान बनाकर क्वारंटीन कर लिया है। बस नहाने और खाना खाने के लिए घर के बाहर जाता है, जहां से वापस मचान पर पहुंच जाता है।