लखीमपुर खीरी। कोतवाली पसगवां क्षेत्र में पति ने सोमवार को पत्नी की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। ग्राम पिपरोला कुंअरपुर निवासी अरुण कुमार की शादी वर्ष २००९ में मोहम्मदी कोतवाली के ग्राम विष्माशी निवासी राजकुमार की पुत्री पूजा के साथ हुई थी। कोई संतान न होने के कारण दोनों के बीच आए दिन लड़ाई-झगड़ा होता था। सोमवार को भी दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान अरुण कुमार ने घर में पत्नी पूजा की कनपटी से तमंचा सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज से गांव में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा पूजा खून से लथपथ पड़ी थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक आदर्श कुमार सिंह भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने हत्यारोपी को गांव से ही गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया। बेटी की हत्या की सूचना पर मृतका की मां शशी देवी और पिता राजकुमार भी मौके पर पहुंच गए। बेटी का शव देखकर विलख पड़े। मृतका के माता-पिता ने बताया कि दामाद के परिवार की एक महिला से अवैध संबंध है। उसकी पुत्री के संतान नहीं हो रही थी। इसको लेकर दो वर्ष से आए दिन पुत्री के साथ विवाद करता था और पुत्री को अक्सर मारता-पीटता था। एक बार पुलिस ने दोनों का समझौता भी कराया था। कुछ समय बाद दुबारा विवाद पैदा हो गया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर अरुण कुमार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।