फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव: ऑरेंज जोन में आने का खतरा

विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। प्रवासी मजदूरों को लेकर एहतियात बरत रहे प्रशासन को डॉक्टर की पॉजिटिव रिपोर्ट आते ही झटका लगा है। कारण साफ है कि कड़ी मशक्कत के बाद 30 अप्रैल की रात ग्रीन जोन में आया जनपद ऑरेंज जोन में जा सकता है। हालांकि इस संबंध में शासन की गाइड लाइन का प्रशासन इंतजार कर रहा है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि डॉक्टर का आवास लखनऊ में है और पत्नी सीतापुर में रहती हैं। इस कारण वह सीतापुर से यहां आते जाते रहे। इस संबंध में सारी जानकारी शासन को दे दी गई है। शासन के दिशा निर्देश का इंतजार है।
विज्ञापन

40 लोग किए गए होम क्वारंटीन
लखीमपुर में मनोचिकित्सक के संपर्क में आईं दो स्टाफ नर्स, वाहन चालक, सैंपल देने के समय मौजूद रहने वाले जिला अस्पताल के दस स्वास्थ्य कर्मियों, भ्रमण के दौरान सीएचसी पसगवां के चार लोगों, फूलबेहड़ के चार लोगों, निजी अस्पताल के चार लोगों के अलावा अन्य पांच लोगों के साथ-साथ इन लोगों के परिवार वालों समेत 40 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया। हालांकि स्टाफ नर्स, चालक और उनकी कार का प्रयोग करने वाला एक अन्य कर्मचारी पहले से होम क्वारंटीन हैं।
दस दिन पूर्व सीएचसी फूलबेहड़ गए थे मनोचिकित्सक
मनोचिकित्सक में कोरोना की पुष्टि की खबर से सीएचसी फूलबेहड़ का स्टाफ खौफ में हैं। दस दिन पूर्व उन्होंने वहां जाकर अधीक्षक से मुलाकात की थी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमितेश दत्त द्विवेदी बताते हैं कि मनोचिकित्सक उन्हें उनके जन्मदिन की बधाई देने आए थे। सीएचसी स्टॉफ सहित क्वारंटीन सेंटर के कर्मचारियों से उनका संपर्क हुआ था।
विज्ञापन

आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किए गए मरीज
मनोचिकित्सक जिस निजी अस्पताल में मरीजों को देखते थे। जिला प्रशासन ने उसे सील कर दिया है और अस्पताल स्टाफ को होम क्वारंटीन के लिए कहा गया है। सीएमओ ने वहां भर्ती मिले दो मरीजों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करा दिया है।
चार मई को सीएचसी पसगवां भी गए थे मनोचिकित्सक
सीएचसी अधीक्षक पसगवां डॉ. अश्वनी कुमार वर्मा का कहना है कि चार मई को मनोचिकित्सक दो लोगों के साथ सीएचसी आए। हमसे मिलने के बाद अर्श काउंसलर एवं फार्मासिस्ट से भी मिले। उन्होंने बताया कि एहतियातन सभी को होम क्वारंटीन करते हुए सीएमओ को भी इससे अवगत करा दिया है।
ओपीडी बंद होने पर कर रहे थे काउंसलिंग
कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लॉकडाउन होते ही जिला अस्पताल में ओपीडी बंद हो गई। इस पर मनोचिकित्सक ने अस्पताल आना बंद कर दिया। मगर, क्वारंटीन सेंटर में रह रहे लोगों में बढ़ते मानसिक तनाव को लेकर इनकी ड्यूटी काउंसलिंग के लिए लगाई थी। इस पर यह रोजाना जिले भर के क्वारंटीन सेंटरों पर जाकर लोगों को अवसाद और मानसिक तनाव से बचाव के लिए जागरूक करते थे। इस दौरान उन्होंने जिले के करीब 52 सेंटरों पर 700 से अधिक लोगों को जागरूक किया।
जिला अस्पताल कर्मियों में दहशत
डॉक्टर में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होते ही जिला अस्पताल के कर्मचारियों में दहशत है। इनमें पैथोलॉजी कर्मचारी बताते हैं कि मनोचिकित्सक जिला अस्पताल में कई लोगों के संपर्क मे आए। न तो उन्होंने एहतियात बरती और न ही अस्पताल के लोगों ने। इधर, कोरोना के खौफ को देखते हुए ब्लड बैंक के लोगों ने पैथोलॉजी कर्मचारियों के अपने यहां आना प्रतिबंधित कर दिया है।
गैर संचारी कार्यालय और निजी अस्पताल कराया सैनिटाइज
कोरोना संक्रमण को देखते हुए सीएमओ कार्यालय स्थित गैर संचारी रोग कार्यालय और डीएम के निर्देश पर सीएमओ ने खीरी रोड स्थित उस निजी अस्पताल को सैनिटाइज कराया है जहां पर मनोचिकित्सक मरीज देखते थे। सैनिटाइज कराने के बाद अस्पताल को सील करा दिया गया है।
आज से पुलिस ऑरेंज जोन की तरह करेगी सख्ती
चिकित्सक के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पुलिस सख्त हो गई है। मंगलवार से बेवजह घरों से पैदल व वाहनों से निकलने वालों पर पुलिस सख्ती करेगी। बाइक पर एक और कार में दो लोग ही बैठ सकेंगे। बिना किसी काम के यदि पकड़े गए तो पुलिस वाहन को सीज कर कार्रवाई करेगी।
एसपी पूनम ने बताया कि चिकित्सक के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिले में ऑरेंज जोन की तरह मंगलवार से पुलिसिंग व्यवस्था लागू की गई है। अगर कोई बेवजह सड़कों पर मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बाइक पर एक व्यक्ति और कार में दो लोग बैठ सकते हैं। चेकिंग के दौरान बिना वजह और मास्क न लगाए मिले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। वाहन को भी सीज किया जाएगा। पुलिस को चौराहों और पूर्व में बने सभी प्वाइंटों पर बैरियर लगाकर पुलिस तैनात कर दी गई है।
विज्ञापन

कोराना अपडेट
जीआईसी धौरहरा में क्वारंटीन- सात
मेडिकल क्वारंटीन सेंटर डायट में क्वारंटीन -20
होम क्वारटींन- 6164
सोमवार को भेजे गये सैंपल- 32
अब तक कुल गए सैंपल- 972
प्राप्त रिपोर्ट- 938 ( 933 निगेटिव, चार पॉजिटिव जो अब निगेटिव हैं, एक पॉजिटिव)
अप्राप्त रिपोर्ट-33
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें