लखीमपुर खीरी। शहर के बाजारों में शुक्रवार को भी काफी भीड़भाड़ रही। ऐसे में लोग न तो सामाजिक दूरी बनाकर चले और न ही दुकानदार ग्राहकों के हाथ सैनिटाइज कराते दिखे। लॉकडाउन के नियमों का विभिन्न स्तर पर उल्लंघन किया गया।
जिले के ग्रीन जोन में आने के बाद प्रशासन की सशर्त अनुमति मिलने के बाद दुकानें खुल रही हैं। शुक्रवार को भी बाजार में भारी भीड़ रही लेकिन नियमों का पालन कहीं होते नहीं दिखा। सड़कों पर बेरोकटोक कार और दोपहिया वाहन दौड़ते रहे। पुलिस प्वाइंटों पर तैनात पुलिस वाले भी इन वाहन चालकों से रोकटोक करते दिखाई नहीं दिखे। जिला अस्पताल रोड, मेन रोड, खपरैल बाजार, किराना बाजार, संकटा देवी रोड और कचहरी रोड पर लोगों की काफी भीड़भाड़ थी। यहां अधिकतर दुकानों पर ग्राहकों के हाथों को बिना सैनिटाइज किए सामान दिया जा रहा था। बैंकों के बाहर भी लंबी लाइनों में सामाजिक दूरी की उपेक्षा की जा रही थी। सड़कों पर भी लोग झुंड बनाकर खड़े रहे, इन्हें कोई रोकने टोकने वाला नहीं था। जिला प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले आठ दुकानदारों को नोटिस भी जारी किया था, लेकिन इसके बाद भी हालात जस के तस बने रहे।
दुकानदार हो या आम लोग, जो भी नियमों का पालन नहीं करेगा। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वाहनों को लेकर लगातार चेक कर रही है। कार्रवाई भी की जा रही है।
-शैलेंद्र लाल, एएसपी