लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण को लेकर हुए लॉकडाउन में तमाम लोग यूपी सहित देश के अन्य राज्यों में फंसे हैं। यदि वह यूपी में आना और यहां से अपने घरों तक जाना चाहते हैं तो जनसुनवाई पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तमाम कामगार, मजदूर, व्यवसायी, अध्ययनरत छात्र-छात्राएं, तीर्थ यात्री और पर्यटक यूपी सहित अन्य प्रदेशों में फंसे हैं। इनकी घर वापसी के लिए पास जारी किए जाएंगे, जिसके लिए जनसुनवाई पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। उन्होंने बताया कि पास जारी होने के दो दिन के भीतर यात्रा शुरू करनी होगी। वहीं इसी पास पर छात्र, व्यापारी, तीर्थयात्री और पर्यटक अपने स्वयं वाहन से यात्रा कर सकेंगे। जिनके पास साधन नहीं है उनको समूह में भेजने की व्यवस्था बस द्वारा की जाएगी। दूरी 500 किमी से ज्यादा होने पर ट्रेन से भेजा जाएगा। डीएम ने बताया कि पंजीकरण के लिए आवेदक को अपना नाम, तहसील, जिला, राज्य आदि विवरण भरना होगा।