लखीमपुर खीरी। लॉकडाउन के तीसरे चरण में जिले के ग्रीन जोन में आने के बाद 44 वे दिन सशर्त छूट मिली तो शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के बाजार गुलजार रहे। छूट को लेकर लोगों में सकारात्मक ऊर्जा साफ दिखाई दे रही थी। ऐसे में भीड़भाड़ के कारण सड़कों पर कुछ जगह सामाजिक दूरी का उल्लंघन भी होता दिखा। पुलिस प्रशासन सतर्क रहा।
कोरोना संक्रमण के कारण 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के अगले दिन जिला लॉकडाउन कर दिया गया था। तब से आवश्यक सप्लाई की दुकानों को छोड़कर सारा बाजार बंद रहा। जिले के धौरहरा कसबे में 10 मार्च को बिहार के 12 तब्लीगी जमातियों में से तीन की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी। धौरहरा कसबे सहित तीन किलोमीटर का दायरा सील कर हॉट स्पॉट घोषित कर दिया। तब्लीगी जमातियों की रिपोर्ट तीन बार निगेटिव आने के बाद जिला पहले ऑरेंज और बाद में ग्रीन जोन घोषित किया गया।। रविवार को शासन से गाइड लाइन मिलने के बाद डीएम ने पार्लर, सैलून, मिठाई, वस्त्रालय, शराब आदि की दुकानों को खोलने की सशर्त अनुमति दी। सोमवार को सशर्त छूट मिलने के बाद दुकानें खुलने के बाद सुबह से ही सड़कों पर चहल-पहल रही। गाइड लाइन के तहत बाजार सुबह 11 बजे खुले, लेकिन बाजार खुलने के पूर्व ही किराना बाजार में लोग उमड़ पड़े। किराना और खपरैला बाजार में सामाजिक दूरी का कोई खास ध्यान नहीं रखा गया। कई दुकानों पर न तो ग्राहकों के हाथ धुलवाए गए और न ही सैनिटाइज किया गया। एसडीएम और सीओ सिटी विजय आनंद फोर्स के साथ किराना व खपरैल बाजार पहुंचे। अफसरों ने घूमकर सामाजिक दूरी बनवाई। इधर अन्य सड़कों पर भी खूब चहल पहल रही। रोक के बावजूद कार और बाइक भी बेधड़क आती-जाती दिखीं।
कपड़ों की दुकानों पर छाया रहा सन्नाटा
सोमवार को कपड़ों की दुकानें खुलीं, लेकिन ग्रामीण अंचलों से लोगों के न आने के कारण पहले दिन वहां सन्नाटा रहा। दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे, यहां तक कि बोहनी तक नहीं हुई।
संकटा देवी सहित कई मार्गों पर रही भीड़भाड़
संकटा देवी चौराहा, संकटा देवी से सदर चौराहा मार्ग, अस्पताल रोड, सराफा मार्केट और रानीगंज मार्केट में काफी चहल पहल रही। लोग काफी खुश थे कि कम से कम छूट तो मिली। यह और बात है कि सामाजिक दूरी का उल्लंघन यहां भी दिखा। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक सदर लोगों को सामाजिक दूरी को लेकर टोकते रहे।
सामाजिक दूरी रखने के लिए लगातार पुलिस सभी लोगों को प्रोत्साहित कर रही है। जो भी नियमों का पालन नहीं करेगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसके लिए सभी थानेदारों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
-शैलेंद्र लाल, एएसपी