लखीमपुर खीरी। बेवजह घरों से बाहर निकलने पर हो रही कार्रवाई के बाद भी लॉकडाउन तोड़ने वाले बाज नहीं आ रहे हैं। कोई अस्पताल जाने तो कोई दवा लेने के बहाने निकल रहा है। इसी के चलते मंगलवार को पुलिस ने बहाना बनाकर घर से निकले लोगों को लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया।
मंगलवार को शहर की सड़कों पर अधिक चहल पहल रही। मोहल्ले की गलियों में भी लोग बेखौफ आते-जाते दिखे। दोपहर में प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्र, इंस्पेक्टर पान सिंह के साथ सड़कों पर निकले। पुलिस ने बाइक और कारों से आ-जा रहे लोगों को रोककर पूछताछ की। किसी ने अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने तो किसी ने दवा लेने जाने की बात बताई। पुलिस ने पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई, जिसमें पता चला कि अधिकतर लोग बेवजह घर से निकले हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस ने सख्ती की और उन्हें खदेड़ लिया। प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पुलिस ने झूठ बोलकर लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले पांच लोगों की बाइकों का चालान किया है। उल्लंघन करने वालों से सख्ती के साथ निपटा जा रहा है।
पैथोलॉजी सेंटर पर लग रही भीड़
लखीमपुर खीरी यहां निजी पैथोलॉजी सेंटर पर सामाजिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शासन के नियमों का पालन करने के लिए न तो संचालकों ने गोल घेरे बनवाए और न ही कोई कर्मचारी खड़ा कर रहे हैं। ऐसे में सुबह से लेकर शाम तक मरीजों व तीमारदारों की भीड़ लगी रहती है। इस संबंध में एसीएमओ डॉ अश्वनी कुमार का कहना है कि पैथोलॉजी सेंटर पर सामाजिक दूरी का पालन न किया जाना गलत है। इसके लिए संचालक से स्पष्टीकरण तलब होगा।
सिकंद्राबाद: मास्क नहीं लगाया तो पुलिस ने बनाया मुर्गा
कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सरकार ने हर व्यक्ति के लिए मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है, लेकिन कुछ लोग ऐसा नहीं कर रहे हैं। इसी क्रम में बिना मास्क मिले युवक को नीमगांव पुलिस ने रोक लिया और उसे 10 मिनट तक मुर्गा बनाया। बाद में मास्क लगाने या गमछा आदि से मुंह ढककर ही जरूरी होने पर घर से बाहर निकलने की हिदायत देकर छोड़ दिया।
बेलरायां: मार्निंग वॉक को निकले लोगों को घरों में रहने की दी हिदायत
बेलरायां। बिना मास्क लगाए सुबह टहलने निकले लोगों को बेलरायां चौकी पुलिस ने रोक लिया। साथ ही सभी को मास्क लगाकर घरों में रहने की हिदायत दी। चौकी इंचार्ज बेलरायां योगेश तेवतिया ने कहा कि लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मोहम्मदी: क्वारंटीन सेंटर से भागने के कोशिश में दो पर रिपोर्ट
कस्बे के यूडीसीए क्वारंटीन सेंटर से भागने की कोशिश कर रहे दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि क्वारंटीन सेंटर पर 74 लोगों को सोमवार को क्वारंटीन किया गया था, इसमें से सोमवार की ही रात में ताजर और मशीउल्ला निवासी इब्राहिमपुर ने चुपके से भागने की कोशिश की हालांकि गार्डों ने उन्हें पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने एसआई अरुण कुमार की ओर से दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर चौकी इंचार्ज मूड़ा निजाम प्रभात गुप्ता ने अहसान, अशीम, जैतुल्ला और हनीफ के खिलाफ धारा 188 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद
गोला: दुकानदार के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज
मंगलवार को एसआई कुलदीप सिंह ने पुलिस टीम के साथ लखीमपुर रोड स्थित आशीष पुरवार की दुकान पर छापा मारा। पुलिस ने दुकान से पान मसाला, सिगरेट सहित प्रतिबंधित सामान जब्त कर दुकानदार के खिलाफ धारा 188, 269, 270 सहित कोरोना महामारी आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नियम के विरुद्ध चल रही दुकानों को बंद कराया
गुलरिया एसडीएम अखिलेश यादव ने बिजुआ कस्बे में नियमों के विपरीत खुली दुकानों को बंद कराया। इलाहाबाद बैंक में सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाते खाता धारकों को भी नसीहत दी।
एसडीएम की गाड़ी रुकते ही कई दुकानें बंद कर दुकानदार भाग गए। बाजार में अफरा तफरी मच गई। इलाहाबाद बैंक के सामने ही चल रही फोटो कॉपी की दुकानों को सामाजिक दूरी का पालन न करने पर बंद कराया। बैंक मैनेजर को महिलाओं को जल्द भुगतान करवाने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार अमित कुमार पांडे, बिजुआ चौकी पुलिस मौजूद रही।
पलिया: बेवजह घूम रहे लोगों को लगाई फटकार, वाहनों के चालान
लॉकडाउन में बेवजह सड़कों पर निकले लोगों के खिलाफ सीओ राकेश कुमार नायक ने अभियान चलाया। सिनेमा चौराहे पर वाहन चेकिंग कर वाहनों के चालान किए। सीओ राकेश कुमार नायक ने बीडीओ डॉ. विनय कुमार मिश्रा, इंस्पेक्टर विद्याशंकर शुक्ला आदि के साथ सिनेमा चौराहे पर वाहनों की चेकिंग की। बेवजह घूम रहे लोगों से भी जानकारी हासिल की और वाहनों का चालान किया।